सुप्रिया पांडेय, रायपुर। राजधानी रायपुर की हिमशिखा गुप्ता ने 96.80% अंक प्राप्त कर कक्षा 12वीं में प्रदेश में आठवां स्थान हासिल की है। रायपुर कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा हिमशिखा की सफलता की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के यह मुकाम हासिल की है। यूट्यूब के जरिए उन्होंने कठिन विषयों को आसान तरीके से समझा, वहीं ChatGPT की मदद से अपने डाउट्स क्लियर किए और कॉन्सेप्ट्स को मजबूत बनाया।
रायपुर कॉन्वेंट स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. श्वेता वासनिक ने बताया कि हिमशिखा शुरू से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर और समर्पित रही हैं। उन्होंने अपना अधिकतर समय पढ़ाई में ही लगाया और उसी का परिणाम आज सामने है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली हिमशिखा ने कभी भी हालात को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। उनके पिता की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है, लेकिन उन्होंने कभी कोचिंग जाने की जिद नहीं की और खुद के दम पर पढ़ाई जारी रखी।


सिर्फ 2 से 3 घंटे पढ़ाई करती थी हिमशिखा
खास बात यह भी है कि हिमशिखा ने रोजाना सिर्फ 2 से 3 घंटे की पढ़ाई से यह उपलब्धि हासिल की है। हिमशिखा गुप्ता बताती हैं कि सही दिशा, निरंतरता और स्मार्ट स्टडी से कम समय में भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। वे सिर्फ 2 से 3 घंटे पढ़ाई करती थी। वह चैट जीपीटी, यूट्यूब का सहारा लेकर पढ़ाई करती थी। हिमशिखा कंप्यूटर साइंस में अपना करियर बनाना चाहती हैं।
NGO में सोशल वर्कर के तौर पर काम करते हैं पिता
हिमशिखा के पिता संजय कुमार गुप्ता एक सोशल वर्कर है और एनजीओ में काम करते हैं। उन्होंने रिजल्ट के बाद अपनी खुशी जाहिर की और बताया कि उनकी बेटी की मेहनत रंग लाई है। आज घर में सब लोग बेहद खुश हैं। स्कूल के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली थी कि उनकी बेटी ने प्रदेश में 12वीं की परीक्षा में आठवां स्थान हासिल किया है।
स्कूल की तरफ से मिलेगी 1 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि
स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. श्वेता वासनिक ने बताया कि टॉप 10 में आने वाले बच्चों को स्कूल की तरफ से 1 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। पहले भी जो बच्चे टॉप टेन में आए हैं उन्हें 1 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई है। हिमशिखा गुप्ता का रिजल्ट देखकर प्रिंसिपल और स्कूल के तमाम शिक्षकों को बेहद ज्यादा खुशी हुई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

