Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (26 जून 2026) की खबरों में दिल्ली के 156 टोल नाकों पर बैरियर-रहित MLFFS प्रणाली, दिल्ली में 30 जून से शुरू होगी SIR प्रक्रिया, दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन का विस्तार, आगजनी की घटनाओं से निपटने की तैयारी तेज प्रमुख रहा।

दिल्ली के 156 टोल नाकों पर बैरियर-रहित MLFFS प्रणाली
राजधानी दिल्ली में टोल व्यवस्था को आधुनिक और तेज बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने शहर के सभी 156 टोल नाकों पर बैरियर-रहित मल्टी-लेन फ्री फ्लो सिस्टम (Barrier-free MLFFS system) लागू करने का फैसला किया है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। नई प्रणाली को फास्टैग और ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक के साथ एकीकृत किया जाएगा। इससे वाहन की पहचान और टोल वसूली पूरी तरह स्वचालित और डिजिटल तरीके से होगी।

दिल्ली में 30 जून से शुरू होगी SIR प्रक्रिया
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision- SIR) की प्रक्रिया 30 जून (मंगलवार) से शुरू होने जा रही है। इस अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट और सत्यापित करने का काम किया जाएगा। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारी (BLO) 29 जुलाई तक मतदाताओं से जुड़ी जानकारी जुटाने का काम करेंगे। इस दौरान सभी मौजूदा मतदाताओं को प्रिंटेड फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसमें उन्हें अपनी व्यक्तिगत जानकारी की जांच कर आवश्यक संशोधन या अपडेट करना होगा। फॉर्म भरने के बाद बीएलओ घर-घर जाकर इन्हें एकत्र करेंगे और मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।

दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन का विस्तार
दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) की गोल्डन लाइन (Golden Line) अब अपने नए विस्तार के साथ आगे बढ़ेगी। कालिंदी कुंज-तुगलकाबाद कॉरिडोर(Tughlakabad corridor) के बनने से दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। यह नया कॉरिडोर यमुना रिवरफ्रंट के किनारे बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद गोल्डन लाइन का संपर्क दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा और वॉयलेट लाइनों से हो जाएगा। करीब 3.9 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है। इस नए कॉरिडोर पर कुल चार स्टेशन बनाए जाएंगे।

आगजनी की घटनाओं से निपटने की तैयारी तेज
राजधानी दिल्ली में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को देखते हुए दिल्ली फायर सर्विस (Delhi Fire Service) ने राहत और बचाव व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग जल्द ही 26 नई क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) तैनात करने जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इन छोटे और तेज रफ्तार वाहनों की मदद से आग लगने की सूचना मिलने के शुरुआती मिनटों में ही प्रभावित जगहों तक पहुंचा जा सकेगा। खासतौर पर ऐसे इलाकों में जहां संकरी गलियों या भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के कारण बड़ी दमकल गाड़ियों को पहुंचने में परेशानी होती है, वहां QRV काफी मददगार साबित होंगी।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली में ‘किलर टीनएजर्स’ का बढ़ता खौफ: राजधानी दिल्ली में नाबालिगों द्वारा हिंसक अपराधों में कथित रूप से शामिल होने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले कुछ दिनों में सामने आए कई मामलों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि किशोर उम्र के बच्चे गंभीर आपराधिक गतिविधियों में कैसे शामिल हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, हाल ही में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में चार हत्या के मामले सामने आए हैं, जिनमें आरोपी 15 से 17 साल की उम्र के लड़के बताए जा रहे हैं। (पढ़े पूरी खबर)
फोर्टिस अस्पताल में इलाज में लापरवाही के आरोप: दिल्ली के शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग में मरीजों के इलाज में कथित लापरवाही और अन्य अनियमितताओं की शिकायतों के बाद दिल्ली सरकार ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने अस्पताल के खिलाफ जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद गुरुवार को विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम को अस्पताल में कई खामियां और अनियमितताएं मिलीं। अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। (पढ़े पूरी खबर)
दक्षिण दिल्ली में पत्नी की गोली मारकर हत्या: दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी इलाके में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 30 वर्षीय पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, मामला दक्षिण दिल्ली के संगम विहार स्थित तिगड़ी क्षेत्र का है। वारदात की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी पति शुभम का किसी अन्य महिला के साथ संबंध था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के चलते यह गंभीर घटना हुई। (पढ़े पूरी खबर)
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके का शिक्षा मंत्री को खास तोहफा: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan)का आज जन्मदिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) समेत भारतीय जनता पार्टी के कई बड़े नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े आंदोलनकारियों ने भी धर्मेंद्र प्रधान को जन्मदिन की बधाई दी। CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके (Abhijet Depake) का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक बड़े बोर्ड पर शिक्षा मंत्री के लिए शुभकामना संदेश लिखते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस शुभकामना संदेश के साथ प्रदर्शनकारियों ने अपनी पुरानी मांग भी दोहराई। वीडियो में अभिजीत दीपके ने धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की मांग फिर से रखी। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में लगातार फेल हो रहे छात्र: राजधानी दिल्ली के सरकारी स्कूलों में लगातार गिरते परीक्षा परिणामों को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने सख्त कदम उठाया है। नौवीं और 11वीं कक्षा में 66 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम देने वाले 63 सरकारी स्कूलों को विशेष निगरानी में रखा गया है। इन स्कूलों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

