दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (5 जून 2026) की खबरों में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लवकेश बजाज के सभी 5 होटल बंद, 34 IPS और DANIPS अधिकारियों के तबादले, DU की असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या से सनसनी, महिपालपुर के 250 होटलों पर सीलिंग का खतरा प्रमुख रहा।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लवकेश बजाज के सभी 5 होटल बंद
दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड के मामले में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज (Lavkesh Bajaj ) के सभी 5 होटलों को बंद करा दिया है। घटना के बाद जांच तेज कर दी गई है और कई अहम खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, होटल के संचालन और प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी जय मिश्रा (Jay Mishra) के पास थी। प्रारंभिक जांच और होटल मालिक से पूछताछ के आधार पर यह सामने आया है कि जय मिश्रा ही सभी व्यवस्थाओं को संभाल रहा था। इतना ही नहीं, होटल का लाइसेंस भी कथित तौर पर उसके नाम पर ही जारी कराया गया था। घटना के बाद पुलिस ने जय मिश्रा की तलाश शुरू कर दी है।

34 IPS और DANIPS अधिकारियों के तबादले
दिल्ली में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस (Delhi Police) में बड़ा फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और डैनिप्स (DANIPS) अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि विभिन्न इकाइयों और जिलों में तैनात अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। यह बदलाव प्रशासनिक जरूरतों और पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया गया बताया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों का कार्यभार संभालें।

DU की असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या से सनसनी
पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट (Satyam Apartment) में रहने वाली दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) से संबद्ध शिवाजी कॉलेज (Shivaji College) की असिस्टेंट प्रोफेसर (Assistant Professor) देवोस्मिता पॉल (Devosmita Paul) की हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम (Forensic team) मौके पर पहुंची और फ्लैट की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, देवोस्मिता पॉल अपने पति से लंबे समय से अलग रह रही थीं। हत्या की वारदात सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रोफेसर के संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।

महिपालपुर के 250 होटलों पर सीलिंग का खतरा
दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद नगर निगम ने राजधानी में संचालित होटलों और गेस्ट हाउसों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत दिल्ली के प्रमुख होटल हब (Hotel Hub) महिपालपुर में बड़ी संख्या में होटल जांच के दायरे में आए हैं। MCDअधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान महिपालपुर क्षेत्र में कई होटल बिना वैध लाइसेंस (Without valid license) के संचालित होते पाए गए हैं। नियमों के उल्लंघन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए MCDने ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन की रणनीति बदली: अपने अनोखे नाम और बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाली कॉकरोच जनता पार्टी ने 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन का आह्वान किया है। इस आंदोलन में शामिल होने के लिए पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijit Deepke) अमेरिका से भारत पहुंच रहे हैं। हालांकि, पहले जारी संदेशों में अभिजीत दीपके ने समर्थकों और युवाओं से एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने की अपील की थी, लेकिन अब उन्होंने अपना कार्यक्रम बदल दिया है। उन्होंने युवाओं से एयरपोर्ट (Airport) पर न आने की अपील करते हुए कहा कि वे सीधे आंदोलन स्थल पर पहुंचें। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली जिमखाना क्लब पर कार्रवाई: भारत सरकार द्वारा 1913 में स्थापित ऐतिहासिक दिल्ली जिमखाना को अपनी जमीन खाली करने का नोटिस दिए जाने के बाद पाकिस्तान के लाहौर जिमखाना (Lahore Gymkhana) की चर्चा भी तेज हो गई है। दोनों क्लबों की स्थापना लगभग एक ही दौर में हुई थी, लेकिन आज उनकी स्थिति और सरकारी रवैये में बड़ा अंतर देखने को मिलता है। जानकारी के अनुसार, भारत सरकार ने लीज की शर्तों और जनहित का हवाला देते हुए दिल्ली जिमखाना क्लब को 5 जून तक भूमि खाली करने का निर्देश दिया है। यह क्लब लंबे समय से राजधानी के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में गिना जाता रहा है। वहीं पाकिस्तान के शहर लाहौर में स्थित लाहौर जिमखाना आज भी अपने पुराने रुतबे के साथ कायम है। (पढ़े पूरी खबर)
होटल मालिक लवकेश बजाज पर नया खुलासा: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के मामले की जांच के बीच होटल मालिक लवकेश बजाज ( Lavkesh Bajaj) को लेकर एक और गंभीर खुलासा सामने आया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान लवकेश बजाज ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि उसने आर्थिक लाभ के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों (Bangladeshi infiltrators) के पहचान संबंधी दस्तावेज अपने पते पर बनवाने में मदद की थी। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आरोप है कि लवकेश बजाज ने कुछ लोगों को स्थानीय पहचान दिलाने के लिए अपने पते का इस्तेमाल करने की अनुमति दी। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के जरिए कितने लोगों के दस्तावेज तैयार कराए गए और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली को मिली 18 ‘नमो ऑक्सीजन पार्क’ की सौगात: विश्व पर्यावरण दिवस (World Environment Day) के अवसर पर दिल्ली सरकार ने राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव (Bhupender Yadav) ने दक्षिण दिल्ली के मैदानगढ़ी क्षेत्र से 18 नमो ऑक्सीजन पार्कों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में राजधानी में हरित आवरण बढ़ाने, वायु गुणवत्ता सुधारने और जैव विविधता को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें भी प्रस्तुत की गईं। (पढ़े पूरी खबर)
राजोकरी में DDA की तोड़फोड़ पर दिल्ली हाई कोर्ट सख्त: दिल्ली के राजोकरी गांव में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने कई फार्महाउस मालिकों को बड़ी राहत दी है। अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान फिलहाल यथास्थिति (Status Quo) बनाए रखने का निर्देश दिया है और प्रभावित पक्षों को अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है। मामला DDA द्वारा राजोकरी क्षेत्र में एक स्टॉर्मवॉटर ड्रेन (नाले) के आसपास चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान से जुड़ा है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

