Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (1 अक्टूबर 2026) की खबरों में दिल्ली के 3,575 बस स्टॉप शेल्टर होंगे आधुनिक, उत्तम नगर होली हिंसा मामले में आरोपी की मां की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट सख्त, IRCTC की गड़बड़ियों पर दिल्ली HC सख्त, रेलवे को नोटिस जारी, रेप आरोपी को बरी करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी प्रमुख रहा।

दिल्ली के 3,575 बस स्टॉप शेल्टर होंगे आधुनिक

नई दिल्ली: दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली के 3,575 बस स्टॉप शेल्टरों का कायाकल्प कर उन्हें आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल बनाया जाएगा। इस परियोजना के तहत बस यात्रियों को शेल्टर पर ही आने वाली बसों, उनके रूट और अनुमानित आगमन समय की जानकारी मिल सकेगी।

पढ़े पूरी खबर…..

उत्तम नगर होली हिंसा मामले में आरोपी की मां की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट सख्त

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान हुई हिंसा के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने आरोपी के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने दिल्ली पुलिस से आरोपी की मां और उनके परिवार को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने को कहा है। यह आदेश याचिकाकर्ता के घर पर स्थानीय लोगों द्वारा कथित हमले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद दिया गया। बता दें कि, दिल्ली के उत्तम नगर में 4 मार्च 2026 को होली के दिन हुई हिंसा और तरुण खटीक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी निजामुद्दीन और सोहेल समेत कई लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पढ़े पूरी खबर…..

रेप आरोपी को बरी करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी

दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने रेप के एक मामले की सुनवाई के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और समाज के रवैये को लेकर अहम टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि महिलाएं, खासकर युवा लड़कियां, हमारे समाज में बेहद असुरक्षित होती हैं। कई बार पड़ोसी और रिश्तेदार भी उनकी इसी असुरक्षा का फायदा उठाते हैं। हालांकि, हाईकोर्ट ने इस मामले में आरोपी को बरी करने के ट्रायल कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा। अदालत ने निचली अदालत के निर्णय में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए आरोपी को मिली राहत कायम रखी।

पढ़े पूरी खबर…..

IRCTC की गड़बड़ियों पर दिल्ली HC सख्त, रेलवे को नोटिस जारी

ऑनलाइन रेल टिकट(Online Rail Ticket) बुक करते समय आम यात्रियों को होने वाली परेशानियों का मामला अब दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) पहुंच गया है। इस संबंध में दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने रेल मंत्रालय और भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (IRCTC) से जवाब मांगा है। चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार और रेलवे को इस संबंध में निर्देश प्राप्त कर अदालत को अवगत कराने को कहा है। अदालत ने इसके लिए एक सप्ताह का समय दिया है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली-NCR में लागू हुआ GRAP: सितंबर में अधिकांश दिनों तक दिल्ली-NCR की वायु गुणवत्ता अपेक्षाकृत ठीक रहने के बाद अब हवा फिर खराब होने की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। बुधवार को दिल्ली-NCR की एयर क्वालिटी ‘मॉडरेट’ यानी सामान्य श्रेणी में पहुंच गई। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए सरकार ने इससे निपटने के लिए एहतियाती कदम लागू करने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली-NCR में 1 अक्टूबर से संशोधित ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) लागू हो गया है। इसके तहत प्रदूषण के स्तर के गंभीर होने का इंतजार करने के बजाय स्थिति बिगड़ने से पहले ही जरूरी पाबंदियां और नियंत्रण उपाय लागू किए जा सकेंगे। (पढ़े पूरी खबर)

IIT दिल्ली छात्र मौत मामले में जांच पूरी नहीं: IIT दिल्ली में 31 वर्षीय छात्र की मौत के मामले की जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय कमेटी अब तक अपनी रिपोर्ट नहीं सौंप सकी है। कमेटी को अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट 30 सितंबर तक संस्थान को सौंपनी थी, लेकिन निर्धारित समयसीमा तक रिपोर्ट पेश नहीं की जा सकी। रिपोर्ट तय समय पर नहीं आने के बाद जांच कमेटी अतिरिक्त समय की मांग कर सकती है। इसके लिए संस्थान से मंजूरी लेनी होगी। मंजूरी मिलने के बाद कमेटी को जांच पूरी करने और रिपोर्ट सौंपने के लिए नई समयसीमा दी जा सकती है। (पढ़े पूरी खबर)

कमला नेहरू रिज में  CM रेखा गुप्ता ने किया श्रमदान: गांधी जयंती से एक दिन पहले 1 अक्टूबर को देशभर में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत स्वच्छता श्रमदान किया गया। यह आयोजन ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत राष्ट्रव्यापी स्तर पर आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी तक सीमित न रखते हुए आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना और इसे साझा जिम्मेदारी बनाना है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने 16 सितंबर को ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत देशभर में स्वच्छता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान भी इसी पहल का हिस्सा है। (पढ़े पूरी खबर)

AAP महिला नेता का दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप: दिल्ली के तिलकनगर में PWD मंत्री प्रवेश वर्मा (Pravesh Verma) से जुड़े थप्पड़कांड को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब आम आदमी पार्टी की एक महिला नेता ने प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस पर गंभीर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। महिला नेता ने रोते हुए दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पुरुष पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अनुचित तरीके से छेड़छाड़ और बदसलूकी की। महिला नेता का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई के दौरान कुछ पुरुष पुलिसकर्मियों ने उनके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया। उन्होंने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें गलत तरीके से छुआ और कपड़े खींचे। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली-NCR में दिवाली पर पटाखों की सीमित अनुमति: दिवाली पर दिल्ली-NCR में पटाखों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को अहम टिप्पणी की। शीर्ष अदालत ने कहा कि दिवाली के दौरान पटाखों पर पूरी तरह से प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। हालांकि, इसका मतलब यह भी नहीं है कि लोगों को 24 घंटे पटाखे जलाने की अनुमति दी जाएगी। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने कहा कि अदालत पटाखे जलाने के लिए एक निश्चित समय निर्धारित करने पर विचार कर सकती है। पीठ ने स्पष्ट किया कि तय समय में भी केवल उन्हीं पटाखों को जलाने की अनुमति होगी, जिन्हें नियमों के तहत इजाजत प्राप्त है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली-NCR में आज से ‘No PUCC, No Fuel’ लागू: सर्दियों से पहले दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण की रोकथाम को लेकर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने तैयारियों और प्रवर्तन व्यवस्था की समीक्षा तेज कर दी है। इसी क्रम में 29 सितंबर को CAQM की सुरक्षा और प्रवर्तन सब-कमेटी की 26वीं बैठक हुई। बैठक में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सरकारों की ओर से वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता CAQM चेयरपर्सन राजेश वर्मा ने की। बैठक में सर्दियों के दौरान प्रदूषण की स्थिति से निपटने के लिए राज्यों की तैयारियों, प्रदूषण नियंत्रण उपायों और प्रवर्तन व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की गई। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में सीवर सुधार के लिए ₹17,970 करोड़ मंजूर: दिल्ली जल बोर्ड (DJP) ने राजधानी की सीवर और जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कई अहम परियोजनाओं को मंजूरी दी है। बोर्ड ने सीवर नेटवर्क के व्यापक सुधार के लिए 17,969.93 करोड़ रुपये की 10 वर्षीय योजना को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इस योजना के तहत दिल्ली की मौजूदा सीवर व्यवस्था को आठ जोन में बांटा जाएगा। प्रत्येक जोन के लिए एक ऑपरेटर नियुक्त किया जाएगा और उसे संबंधित क्षेत्र के पूरे सीवर नेटवर्क की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसे ‘वन जोन-वन ऑपरेटर’ व्यवस्था के तौर पर लागू किया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)

अब AI संभालेगा दिल्ली का ट्रैफिक: केंद्र सरकार ने राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लगाने की मंजूरी दी है। इस परियोजना पर करीब 1,790 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका उद्देश्य दिल्ली के प्रमुख चौराहों और सिग्नलों पर लगने वाले जाम को कम करना और यातायात को अधिक सुचारु बनाना है। ITMS के जरिए ट्रैफिक सिग्नलों और वाहनों की आवाजाही को तकनीक की मदद से मैनेज किया जाएगा। इससे सिग्नल पर वाहनों को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक रुकने की स्थिति कम होने की उम्मीद है। ट्रैफिक के दबाव के अनुसार व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करने में भी मदद मिलेगी। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m