Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (25 सितंबर 2026) की खबरों में दिल्ली हाई कोर्ट का निर्देश, बैंक कर्मचारियों को शांतिपूर्ण धरने के लिए जगह दे पुलिस, दिल्ली में लेडी नार्को किंगपिन पार्वती गिरफ्तार, दिल्ली SIR की फील्ड वेरिफिकेशन पूरी, SIR विवाद के बीच सौरव-अभिजीत-आशुतोष की याचिका पर HC में सुनवाई, बृजभूषण सिंह मामले में कल अहम सुनवाई प्रमुख रहा।

दिल्ली हाई कोर्ट का निर्देश, बैंक कर्मचारियों को शांतिपूर्ण धरने के लिए जगह दे पुलिस
बैंक कर्मचारियों के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को अहम निर्देश दिया है। अदालत ने कहा है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस, दिल्ली स्टेट को शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के लिए राजधानी में कोई उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए।

दिल्ली में लेडी नार्को किंगपिन पार्वती गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टीम ने नरेला इलाके में कार्रवाई करते हुए कथित लेडी नार्को किंगपिन पार्वती और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पार्वती लंबे समय से ड्रग्स के कारोबार से जुड़ी हुई थी और उसके नेटवर्क का विस्तार तस्करी से लेकर स्ट्रीट लेवल पर ड्रग्स की सप्लाई तक था।

बृजभूषण सिंह मामले में कल अहम सुनवाई
भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को यौन उत्पीड़न मामले में बरी किए जाने के मजिस्ट्रेट कोर्ट के फैसले को महिला पहलवानों ने सेशन कोर्ट में चुनौती दी है। चार महिला पहलवानों की ओर से दायर अपील पर 26 सितंबर को सुनवाई होने की संभावना है। महिला पहलवानों ने अपनी याचिका में पूर्व WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को बरी किए जाने के आदेश को चुनौती दी है। इसके साथ ही मामले में सह-आरोपी रहे विनोद तोमर को बरी किए जाने के फैसले के खिलाफ भी अपील की गई है।

SIR विवाद के बीच सौरव-अभिजीत-आशुतोष की याचिका पर HC में सुनवाई
दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने एक महिला की आपराधिक रिट याचिका पर तत्काल सुनवाई करने पर सहमति जताई है। महिला ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक्टिविस्ट सौरव दास (Saurav Das), संस्थापक अभिजीत दीपके(Abhijit Deepke), आशुतोष रंका (Ashutosh Ranka) और रत्ना सिंह (Ratna Singh) पर आरोप लगाया है कि उनकी तस्वीरों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के साथ जोड़कर AI की मदद से तैयार और प्रसारित किया गया। महिला की ओर से अदालत को बताया गया कि मामले में FIR पहले ही दर्ज की जा चुकी है और अब वह संबंधित तस्वीरों को हटवाना चाहती है। इसी मांग को लेकर आपराधिक रिट याचिका दायर की गई है। कोर्ट ने कहा कि मामले को आज ही सुनवाई के लिए लिया जाएगा।

दिल्ली SIR की फील्ड वेरिफिकेशन पूरी
दिल्ली में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के तहत नोटिस पाने वाले अधिकांश प्रमुख मतदाताओं के विवरण का फील्ड वेरिफिकेशन पूरा कर लिया गया है। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, सत्यापन के बाद इन मतदाताओं के नाम आगामी अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाने के लिए सुरक्षित रखे गए हैं। नोटिस पाने वालों में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी (L.K. Advani), पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़(Jagdeep Dhankhar), विदेश मंत्री एस. जयशंकर(S. Jaishankar), दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता(Rekha Gupta) और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल थीं।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
मुखर्जी नगर मामले में आरोपी की कार पर पुलिस का खुलासा: मुखर्जी नगर में दिल्ली यूनिवर्सिटी की दो छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ और उन्हें कार में जबरन खींचने की कोशिश के मामले में पुलिस ने जिस सफेद सफारी कार को जब्त किया है, उस पर पहले से 44 हजार रुपये का ट्रैफिक जुर्माना बकाया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस कार के खिलाफ दर्ज ज्यादातर चालान तेज रफ्तार में वाहन चलाने से संबंधित हैं। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 13 सितंबर को भी इसी कार का ओवरस्पीडिंग को लेकर चालान किया गया था। पुलिस अब इस वाहन से जुड़े पुराने ट्रैफिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मुखर्जी नगर में छात्राओं से हुई घटना के बाद कार को जब्त किया गया है और मामले की जांच जारी है। (पढ़े पूरी खबर)
कालकाजी गैंगरेप: राजधानी दिल्ली के चर्चित कालकाजी गैंगरेप (Kalkaji Gang-rape) मामले में पीड़िता ने पुलिस (Delhi Police) को अपनी आपबीती बताई है। पीड़िता के अनुसार, वह अपने जन्मदिन पर कालकाजी मंदिर में पूजा करने के लिए आई थी। शाम करीब 5:45 बजे वह मंदिर पहुंची थी और करीब 7 बजे अपने दोस्त समीर के साथ बाहर निकली। पीड़िता ने बताया कि मंदिर से निकलने के बाद वह अपने दोस्त के साथ कालकाजी मेट्रो स्टेशन (Metro Station) के गेट नंबर-7 के पास स्थित पार्क में गई। दोनों वहां एक बेंच पर बैठे थे। इसी दौरान करीब 30 से 35 वर्ष की उम्र के 3 युवक वहां पहुंचे। पार्क में पहुंचने के बाद आरोपियों ने उसके दोस्त को थप्पड़ मारा। इसके बाद उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली पुलिस भर्ती के फिजिकल टेस्ट में पकड़ाया ‘मुन्नाभाई’: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) में कॉन्स्टेबल पद पर भर्ती के लिए वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस एकेडमी में चल रहे फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PE&MT) के दौरान फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसे उम्मीदवार को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर अपनी जगह किसी दूसरे व्यक्ति से फिजिकल टेस्ट दिलवाया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के सिलाना गांव निवासी 19 वर्षीय अक्षत के रूप में हुई है। (पढ़े पूरी खबर)
यमुना बाजार में चाकूबाजी से सनसनी: दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में यमुना बाजार (Yamuna Bazar) स्थित हनुमान मंदिर के पास गुरुवार रात एक ई-रिक्शा में सवार यात्रियों पर कथित तौर पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाशों के एक समूह ने ई-रिक्शा (E-rickshaw) को रोककर उसमें सवार यात्रियों को निशाना बनाया। हमले में ई-रिक्शा सवार 3 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो गई। वहीं, 2 अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। (पढ़े पूरी खबर)
संदिग्ध हथियार उठाने में अब रोबोट की मदद: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) अब संदिग्ध हथियारों और गोला-बारूद को सुरक्षित तरीके से उठाने के लिए रोबोट का इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही है। पुलिस की स्पेशल सेल ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में इस तकनीक का डेमो किया। इस रोबोट को रिमोट ऑपरेटेड व्हीकल (ROV) के नाम से जाना जाता है।रिमोट ऑपरेटेड व्हीकल की खासियत यह है कि इसे दूर से संचालित किया जा सकता है। यह करीब 8 किलो से लेकर 50 किलो तक के संदिग्ध पदार्थ को उठाकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में सक्षम है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में दिवाली तक 20 हजार स्मार्ट स्ट्रीट लाइटें: दिल्ली सरकार ने राजधानी में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पुरानी और खराब स्ट्रीट लाइटों को स्मार्ट LED लाइटों से बदलने की योजना तैयार की है। इसके तहत दिवाली तक 20 हजार पुरानी स्ट्रीट लाइटों को स्मार्ट LED लाइटों से बदलने का लक्ष्य रखा गया है। (पढ़े पूरी खबर)
हैदरपुर की झुग्गियों में रहने वाले परिवारों मिलेगा पक्का घर: दिल्ली के शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के हैदरपुर इलाके में झुग्गियों में रहने वाले परिवारों के लिए सरकार पक्के मकान बनाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हैदरपुर स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में निशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ करते हुए यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि झुग्गियों में रहने वाले परिवारों को बेहतर और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिए सरकार काम कर रही है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


