Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (17 सितंबर 2026) की खबरों में मेडिकल खरीद घोटाला: पूर्व DGHS वत्सला अग्रवाल को कोर्ट से झटका, सत्य निकेतन हादसा: किरण बेदी ने हाई कोर्ट का किया रुख, PM मोदी के जन्मदिन पर 108 कुंडीय यज्ञ में पहुंचीं CM रेखा गुप्ता, अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने मांगी डिफॉल्ट जमानत प्रमुख रहा।

मेडिकल खरीद घोटाला: पूर्व DGHS वत्सला अग्रवाल को कोर्ट से झटका

नई दिल्ली: करीब 650 करोड़ रुपये के मेडिकल खरीद घोटाले में गिरफ्तार दिल्ली की पूर्व स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक (DGHS) वत्सला अग्रवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। विशेष न्यायाधीश विद्या प्रकाश की अदालत ने मंगलवार को उनकी चार सप्ताह की अंतरिम जमानत बढ़ाने से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि डॉक्टरों द्वारा निर्धारित दवाएं जेल में भी उपलब्ध कराई जा सकती हैं। कोर्ट ने वत्सला अग्रवाल को अंतरिम जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद जेल प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।

पढ़े पूरी खबर…..

सत्य निकेतन हादसा: किरण बेदी ने हाई कोर्ट का किया रुख

पूर्व IPS अधिकारी किरण बेदी (Kiran Bedi) ने सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे से जुड़ी जनहित याचिका में खुद को पक्षकार बनाए जाने की मांग की है। केंद्र सरकार ने उनकी इस मांग का दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में विरोध किया है। सरकार की ओर से अदालत में तर्क दिया गया कि किरण बेदी इस मामले में पहले ही अपनी राय बना चुकी हैं। मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को अपना जवाब दाखिल करने के लिए तीन दिन का समय दिया है। इसके बाद अदालत इस मामले में आगे की सुनवाई करेगी। बता दें कि दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पीजी इमारत गिरने की घटना में पांच छात्रों समेत 7 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद इमारत की स्थिति और निर्माण नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठे थे।

पढ़े पूरी खबर…..

PM मोदी के जन्मदिन पर 108 कुंडीय यज्ञ में पहुंचीं CM रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित 108 कुंडीय यज्ञ में शामिल हुईं। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद इसे लेकर दिल्ली की राजनीति में बयानबाजी शुरू हो गई है। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के यज्ञ कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने पर सवाल उठाते हुए निशाना साधा। सौरव दास ने इस आयोजन और मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर अपनी आपत्ति जाहिर की है।

पढ़े पूरी खबर…..

अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने मांगी डिफॉल्ट जमानत

म्यांमार में जातीय सशस्त्र समूहों को ड्रोन युद्ध की ट्रेनिंग देने के आरोपों से जुड़े मामले में गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक मैथ्यू आरोन वैनडाइक ने गुरुवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष एनआईए अदालत में डिफॉल्ट जमानत की अर्जी दाखिल की। अदालत ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को नोटिस जारी कर शुक्रवार तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में SIR की धीमी रफ्तार

दिल्ली की नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट (SIR) जारी होने के बाद बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हो गए हैं। हालांकि, जिन लोगों के नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं हैं, उनके पास अपना नाम दोबारा जुड़वाने का मौका है। इसके लिए दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 जमा किया जा सकता है। लेकिन इस प्रक्रिया के शुरुआती 15 दिनों के आंकड़े बताते हैं कि अब तक अपेक्षाकृत कम लोगों ने नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है। 31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में करीब 47.5 लाख नाम हटाए गए थे। इसके बाद चुनाव आयोग की ओर से नाम दोबारा जुड़वाने के लिए दावे-आपत्तियां दाखिल करने का अवसर दिया गया है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन रोकने पर HC सख्त: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने ‘आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन’ के लिए अनुमति नहीं देने के मामले में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के रुख पर सवाल उठाया है। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा (Swarana Kanta Sharma) ने क्षत्रिय करणी सेना की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए पूछा कि किसी प्रदर्शन पर इस तरह ब्लैंकेट बैन (पूर्ण प्रतिबंध) कैसे लगाया जा सकता है। अदालत ने पुलिस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी प्रदर्शन की अनुमति पर पूरी तरह रोक लगाने के बजाय मामले के तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। मामले की सुनवाई के दौरान याचिका में उठाए गए मुद्दों पर अदालत ने पुलिस से जवाब मांगा। (पढ़े पूरी खबर)

CM रेखा की चेतावनी के बाद PWD का एक्शन: सर्दियों के मौसम में राजधानी दिल्ली की सड़कों से उड़ने वाली धूल के कारण बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने तैयारी शुरू कर दी है। विभाग 200 एंटी-स्मॉग गन वाले ट्रकों को किराए पर लेने की योजना बना रहा है। इन ट्रकों का इस्तेमाल सड़कों और धूल प्रभावित इलाकों में पानी की फुहारों का छिड़काव करने के लिए किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, यह तैयारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की ओर से सर्दियों के मौसम से पहले प्रदूषण की निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश के बाद की जा रही है। सरकार का फोकस सर्दियों में प्रदूषण बढ़ने की आशंका को देखते हुए पहले से जरूरी इंतजाम करने पर है। (पढ़े पूरी खबर)

GTB अस्पताल में बनेगा 250 बेड का ट्रॉमा ब्लॉक: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यमुनापार के दिलशाद गार्डन स्थित गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में 250 बेड के सुपर-स्पेशियलिटी कम ट्रॉमा ब्लॉक(trauma block) के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर कुल 244.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह नया ट्रॉमा ब्लॉक प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) के फेज-IV के तहत बनाया जाएगा। इसके निर्माण से GTB अस्पताल में गंभीर मरीजों के इलाज और ट्रॉमा सेवाओं के लिए अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। (पढ़े पूरी खबर)

गर्भवती महिलाओं को लोअर बर्थ देने का नियम लागू करने की मांग: ट्रेन में सफर करने वाली गर्भवती महिलाओं को लोअर बर्थ की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अब ऑनलाइन व्यवस्था बनाने की मांग उठी है। इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार, रेलवे बोर्ड और IRCTC को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने यह नोटिस एक जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई के दौरान जारी किया। याचिका में मांग की गई है कि गर्भवती महिलाओं को लोअर बर्थ आवंटित कराने के लिए रेलवे काउंटर पर जाने की जरूरत न पड़े और इसके लिए ऑनलाइन व्यवस्था विकसित की जाए। (पढ़े पूरी खबर)

CBI का MCD पर बड़ा एक्शन: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 15 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में दिल्ली नगर निगम (MCD) के एक इंस्पेक्टर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। CBI ने 16 सितंबर 2026 को MCD के इंस्पेक्टर और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपियों पर टेंडर की अवधि खत्म होने के बाद भी बिलबोर्ड, होर्डिंग और LED डिस्प्ले लगाने और प्रदर्शित करने की अनुमति देने के बदले रिश्वत लेने का आरोप है। (पढ़े पूरी खबर)

PM मोदी के जन्मदिन पर अरविंद केजरीवाल का संदेश: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। हालांकि, बधाई देने से पहले केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा सीट पर अपनी हार को लेकर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए तीखी टिप्पणी की। केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के चलते उन्हें चुनाव में नुकसान हुआ। केजरीवाल ने इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए गंभीर मामला बताते हुए अपनी हार के लिए जिम्मेदार ठहराया। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली लक्ष्मी योजना: दिल्ली सरकार ने हाई कोर्ट (Delhi High Court) में ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ (Delhi Lakshmi Yojana) के तहत लाभ लेने के लिए सांसद या विधायक की सिफारिश की शर्त का बचाव किया है। सरकार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सिफारिश की यह शर्त पूरी तरह वैध है और इसे योजना का हिस्सा बनाना नीतिगत निर्णय है। सरकार (Delhi Government) ने अपने जवाब में कहा कि योजना के तहत अब तक 7.32 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उसके मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में आवेदन मिलना इस बात का संकेत है कि महिलाओं को आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की व्यापक परेशानी नहीं हो रही है। (पढ़े पूरी खबर)

मुंडका BJP विधायक पर FIR दर्ज: दिल्ली के मुंडका से भाजपा विधायक गजेंद्र दराल और पार्टी से जुड़े कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ कंझावला थाने में FIR दर्ज की गई है। यह मामला भाजपा के कंझावला मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार की शिकायत पर दर्ज हुआ है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के अलावा आयुध अधिनियम और SC-ST एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता सुनील कुमार का आरोप है कि 10 सितंबर की रात उन्हें वोटर लिस्ट को लेकर चर्चा के लिए भाजपा कार्यालय बुलाया गया था। वहां उनके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बंधक भी बनाया गया। सुनील कुमार के मुताबिक, घटना की शिकायत करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m