Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (8 सितंबर 2026) की खबरों में दिल्ली में सत्य निकेतन इमारत हादसे में मालिक दंपती को जेल, सत्य निकेतन PG हादसा में घायलों को 5 लाख रुपये का मुआवजा, दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता ने की आत्महत्या, POSH Handbook विवाद, दिल्ली विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को फिर बम धमकी प्रमुख रहा।

दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता ने की आत्महत्या

दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव और 1975 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी राकेश मेहता ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। 75 वर्षीय मेहता का शव नोएडा के सेक्टर-82 स्थित केंद्र विहार-2 सोसायटी के उनके फ्लैट में फंदे से लटका मिला। पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इसमें मानसिक तनाव और कुछ शारीरिक बीमारियों का जिक्र किया गया है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पढ़े पूरी खबर..

दिल्ली में सत्य निकेतन इमारत हादसे में मालिक दंपती को जेल

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के दक्षिण परिसर स्थित सत्य निकेतन इलाके में जर्जर इमारत ढहने के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी हरिराम और उनकी पत्नी उर्मिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इमारत की देखरेख करने वाले उनके बेटे महेश को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।

पढ़े पूरी खबर…..

POSH Handbook विवाद

कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की शिकार महिला की पहचान सार्वजनिक किए जाने के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को केंद्र सरकार को कड़ी फटकार लगाई। अदालत ने सवाल उठाया कि जब कानून यौन अपराध की पीड़िता की पहचान उजागर करने पर रोक लगाता है, तो महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से जारी POSH Handbook में पीड़िता का नाम कैसे प्रकाशित किया गया।

पढ़े पूरी खबर…..

सत्य निकेतन PG हादसा में घायलों को 5 लाख रुपये का मुआवजा

 दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने मंगलवार को एक बार फिर एम्स पहुंचकर सत्य निकेतन हादसे में घायल लोगों के परिजनों से मुलाकात की। हादसे में 7 लोगों की मौत हुई थी। इस दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे वाली इमारत के ठीक बगल में स्थित एक अन्य खतरनाक इमारत को बुधवार को ध्वस्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी जांच की जा रही है। उन्होंने घटनास्थल के पास स्थित दूसरी खतरनाक इमारत को गिराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे में घायल हुए लोगों के लिए 5 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।

पढ़े पूरी खबर…..

 कभी प्रदूषण के लिए बदनाम दिल्ली अब रैंकिंग में आगे

Swachh Vayu Sarvekshan 2026: केंद्र सरकार के स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली ने 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों की श्रेणी में 21वां स्थान हासिल किया है। इस सूची में दिल्ली ने श्रीनगर और बेंगलुरु जैसे शहरों को पीछे छोड़ा है। श्रीनगर को 26वां, जबकि बेंगलुरु को 32वां स्थान मिला है। सर्वेक्षण में शहरों की वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों का आकलन किया गया। इसमें खास तौर पर धूल नियंत्रण और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए उठाए गए कदमों को प्रमुखता दी गई।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को फिर बम धमकी

दिल्ली विधानसभा के स्पीकर (Delhi Assembly Speaker) विजेंद्र गुप्ता ( Vijender Gupta) को मंगलवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी (bomb threat) मिली। पुलिस के मुताबिक, मामले में सभी जरूरी सुरक्षा और जांच प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। फिलहाल मामले से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है। इससे पहले अप्रैल में दिल्ली विधानसभा को लगातार कई बम धमकी वाले ईमेल मिले थे। इन धमकियों के बाद विजेंद्र गुप्ता की सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें Z-कैटेगरी की सुरक्षा दी गई थी।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

BRICS समिट को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अलर्ट: राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाली ब्रिक्स समिट (BRICS summit) को लेकर ट्रैफिक पुलिस (Delhi traffic police ) ने एडवाइजरी जारी की है। VIP काफिलों की सुचारू आवाजाही और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए दिल्ली में 22 डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। वहीं, 35 से अधिक सड़कों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और VIP मूवमेंट को देखते हुए जरूरत के अनुसार वाहनों की आवाजाही रोकने या वैकल्पिक मार्ग की ओर डायवर्ट करने का फैसला लिया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। (पढ़े पूरी खबर)

मणिपुर टीचर हत्याकांड: दिल्ली में एक बार फिर शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। राजधानी के आश्रम इलाके में मणिपुर के मूल निवासी 55 वर्षीय रिटायर्ड म्यूजिक टीचर चोंगथाम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि कुछ लड़कों ने उनके घर के दरवाजे पर ही उनके साथ मारपीट की। वारदात के दौरान उनकी पत्नी और बेटा घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन जब तक वे कुछ कर पाते, तब तक विक्रम सिंह गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। पुलिस को घटना से जुड़े कुछ CCTV फुटेज मिले हैं। फुटेज में कथित तौर पर कुछ लड़के विक्रम सिंह के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। (पढ़े पूरी खबर)

PG हादसे के बाद MCD का बड़ा फैसला; दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत के बाद राजधानी में प्रशासनिक एजेंसियां एक्शन मोड में आ गई हैं। हादसे के बाद दिल्ली सरकार, उपराज्यपाल और नगर निगम स्तर पर इमारतों की सुरक्षा को लेकर जांच अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। MCD ने सभी जोन के एग्जीक्यूटिव इंजीनियरों (बिल्डिंग) को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली सभी इमारतों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को जांच पूरी कर 10 सितंबर तक रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। इस अभियान का मकसद जर्जर और असुरक्षित इमारतों की पहचान कर समय रहते जरूरी कार्रवाई करना है। (पढ़े पूरी खबर)

सत्य निकेतन हादसा: दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे (Satya Niketan accident) ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। किसी ने अपना इकलौता बेटा खो दिया तो किसी की उम्मीदें इमारत के मलबे में दब गईं। हादसे में मध्य प्रदेश के देवास निवासी 19 वर्षीय अर्पित (Arpit) की भी मौत हो गई। अर्पित रक्षाबंधन के बाद रविवार सुबह करीब 6 बजे दिल्ली लौटा था। दिल्ली पहुंचने के बाद उसने फोन कर अपने माता-पिता को सकुशल पहुंचने की जानकारी दी थी। परिवार को क्या पता था कि यह बेटे से उनकी आखिरी बातचीत होगी। संकट की इस घड़ी में भी अर्पित के पिता भूपेंद्र जाज ने मानवता की मिसाल पेश की। मंगलवार को एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर में पोस्टमॉर्टम के दौरान उन्होंने अपने बेटे की दोनों कॉर्निया दान करने का फैसला लिया। (पढ़े पूरी खबर)

स्वतंत्र भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ीं: SC-ST और POCSO एक्ट के तहत गिरफ्तार किए गए यूट्यूबर स्वतंत्र भारद्वाज (Swatantra Bhardwaj) को मंगलवार को दोहरा झटका लगा। एक ओर निचली अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, वहीं दूसरी ओर दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने गिरफ्तारी को अवैध घोषित करने की मांग वाली उनकी याचिका खारिज कर दी। स्वतंत्र भारद्वाज ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी। जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस रविंद्र डुडेजा की बेंच ने इस याचिका को खारिज कर दिया। हाई कोर्ट के इस फैसले के बाद स्वतंत्र को तत्काल राहत मिलने की उम्मीदों को झटका लगा है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m