Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (23 अक्टूबर 2026) की खबरों में नेहा बोरा को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका, दिल्ली पुलिस में 25 IPS और DANIPS अधिकारियों के तबादले, स्कूल यूनिफॉर्म पर दिल्ली सरकार की नीति को हाईकोर्ट की मंजूरी, जामिया में लगे आपत्तिजनक नारे प्रमुख रहा।

नेहा बोरा को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका
नई दिल्ली: ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका लगा है। शुक्रवार को अदालत ने दिल्ली पुलिस के उस नोटिस को चुनौती देने वाली उनकी याचिका खारिज कर दी, जिसमें उन्हें शांति बनाए रखने के लिए बॉन्ड भरने को कहा गया था। हालांकि, हाई कोर्ट ने इस मामले में विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट (SEM) को कुछ निर्देश भी जारी किए हैं।

स्कूल यूनिफॉर्म पर दिल्ली सरकार की नीति को हाईकोर्ट की मंजूरी
दिल्ली में गरीब परिवारों के बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म के बदले नकद राशि देने की नीति को लेकर दिल्ली सरकार (Delhi government) को हाईकोर्ट (High Court ) से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने स्पष्ट किया कि यूनिफॉर्म के बदले पैसे देने की नीति को मनमाना नहीं कहा जा सकता। इसके साथ ही इस नीति को चुनौती देने वाली पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी गई। यह फैसला जस्टिस सुब्रमण्यम प्रसाद और जस्टिस रेणु भटनागर की खंडपीठ ने सुनाया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अदालत ने 12 अक्टूबर को आदेश पारित किया था।

दिल्ली पुलिस में 25 IPS और DANIPS अधिकारियों के तबादले
दिल्ली पुलिस (Delhi police) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इसके तहत 25 आईपीएस और DANIPS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल के साथ कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। तबादला सूची में क्राइम ब्रांच, स्पेशल सेल, सिक्योरिटी, आर्थिक अपराध शाखा (EOW), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और विभिन्न जिला पुलिस इकाइयों में बदलाव शामिल हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत अधिकारियों की तैनाती और जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है, ताकि पुलिस की विभिन्न इकाइयों के कामकाज का संचालन बेहतर तरीके से किया जा सके।
जामिया में लगे आपत्तिजनक नारे
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। छात्र कथित तौर पर कैंपस की दीवारों पर ‘फ्री कश्मीर’ और ‘फ्री शरजील इमाम’ जैसे नारे लिखे जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिलजीत दोसांझ के सपोर्ट में उतरे अभिजीत दीपके: सिंगर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) पर पहले नाराजगी जता चुके कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके(Abhijeet Deepke) अब उनके समर्थन में उतर आए हैं। दिलजीत के आगामी कार्यक्रम को दिल्ली पुलिस (Delhi Police) से अनुमति नहीं मिलने के मामले में दीपके ने बिना नाम लिए फैसले पर तंज कसा है। खास बात यह है कि इससे पहले नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिलजीत दोसांझ के एक बयान को लेकर सीजेपी ने नाराजगी जताई थी। (पढ़े पूरी खबर)
माता-पिता के विवाद में बच्चे का हित सर्वोपरि: दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने बच्चों की कस्टडी और माता-पिता के बीच विवाद से जुड़े मामलों में अहम टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि माता-पिता के आपसी विवाद में बच्चे को फुटबॉल की तरह एक-दूसरे के पाले में नहीं उछाला जा सकता। बच्चे के हितों को प्राथमिकता देते हुए उसके समुचित विकास के लिए माता-पिता दोनों की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जाना चाहिए। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि माता-पिता के बीच मतभेद का असर बच्चे की देखभाल और उसके भविष्य पर नहीं पड़ना चाहिए। बच्चे को दोनों अभिभावकों का प्यार, स्नेह और मार्गदर्शन मिलना उसके विकास के लिए जरूरी है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली मे पानी की किल्लत से VIP इलाके भी प्रभावित: दिल्ली के कई इलाकों में 8 नवंबर तक पानी की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। अपर गंगा नहर की मरम्मत, सफाई और रखरखाव के काम के चलते राजधानी में गंगाजल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका है। अधिकारियों के मुताबिक, नहर में पानी बंद होने से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाएगा। ऐसे में लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली की जहरीली हवा साफ करेगी ‘लिक्विड ट्री’ तकनीक: जोहड़ों और झीलों में पाई जाने वाली काई यानी सूक्ष्म शैवाल की मदद से भी प्रदूषित हवा को साफ किया जा सकता है। दिल्ली में वायु प्रदूषण कम करने के लिए इसी तरह की नई तकनीकों का इस्तेमाल करने की तैयारी है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) की योजना के तहत राजधानी में 40 जगहों पर अलग-अलग तकनीकें लगाई जाएंगी। इस परियोजना पर कुल 104 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। खास बात यह है कि कंपनियों को भुगतान तभी किया जाएगा, जब वे प्रदूषण में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कमी लाने में सफल होंगी। (पढ़े पूरी खबर)
सौरव गांगुली को दिल्ली HC से लगा बड़ा झटका: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को फिल्म दूसरा (Doosra) की रिलीज रुकवाने की कोशिश में फिलहाल दिल्ली हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है. अदालत ने 23 अक्टूबर को प्रस्तावित फिल्म की सिनेमाघरों में रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया. गांगुली का आरोप है कि फिल्म में उनके नेतृत्व, 2002 नेटवेस्ट सीरीज के फाइनल और लॉर्ड्स में शर्ट उतारकर जश्न मनाने की घटना का जिक्र कर उनके व्यक्तित्व और कॉमर्शियल अधिकारों का उल्लंघन किया गया है. (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में जनगणना के दूसरे चरण का संभावित शेड्यूल जारी: दिल्ली में जनगणना (Census in Delhi ) 2027 के दूसरे चरण की शुरुआत 10 जनवरी से होने की संभावना है। अधिकारियों ने गुरुवार (22 अक्टूबर) को बताया कि घर-घर जाकर गणना की प्रक्रिया शुरू होने से पहले लोगों को 15 दिनों तक स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग खुद अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना की अवधि 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक क्षेत्रीय स्तर पर घर-घर जाकर गणना का काम किया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
‘किताबों में 40 फीसदी कमीशन खा रही दिल्ली सरकार’: दिल्ली में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मुफ्त किताबें उपलब्ध कराने के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने किताबों की खरीद और छपाई की प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सरकार पर कमीशनखोरी का दावा किया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।AAP की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद भी सरकारी स्कूलों में बच्चों को मुफ्त पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं कराई गईं। उन्होंने किताबों की खरीद और छपाई की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के किशनगढ़ में गोली लगने से व्यक्ति की मौत: दक्षिणी दिल्ली के किशनगढ़ इलाके में कार मार्केट के पास गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही किशनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

