Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (18 अगस्त 2026) की खबरों में कहां हैं AAP विधायक कुलदीप कुमार?; दिल्ली में सफाईकर्मी की हत्या पर बवाल; दिल्ली यूनिवर्सिटी में PHD छात्र ने प्रोफेसर पर हमला किया; दिल्ली SIR: डिटेल नहीं देने वाले वोटर्स को मिलेगा नोटिस प्रमुख रहा।

1. कहां हैं AAP विधायक कुलदीप कुमार?
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कुलदीप कुमार (Kuldeep Kumar) को कथित तौर पर पुलिस द्वारा अज्ञात स्थान पर ले जाने का मामला अब दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) पहुंच गया है। AAP का आरोप है कि सफाई कर्मचारी की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कुलदीप कुमार को पुलिस अपने साथ ले गई। AAP के मुताबिक, कुलदीप कुमार कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की हत्या के बाद मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें कथित तौर पर अपने साथ ले लिया।

2. दिल्ली में सफाईकर्मी की हत्या पर बवाल
राजधानी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में रविवार, 16 अगस्त को ड्यूटी के दौरान एक MCD सफाई कर्मचारी की हत्या कर दी गई। आरोप है कि आरोपी ने सफाई कर्मचारी पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मामले को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की BJP सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने आरोप लगाया है कि पुलिस मृत सफाई कर्मचारी के परिजनों पर जल्द दाह संस्कार करने का दबाव बना रही है।

3. दिल्ली यूनिवर्सिटी में PHD छात्र ने प्रोफेसर पर हमला किया
दिल्ली यूनिवर्सिटी (Delhi University) की लॉ फैकल्टी में सोमवार को एक प्रोफेसर पर रिसर्च स्कॉलर द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र ने प्रोफेसर को थप्पड़ मारा। घटना के बाद डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (DTF) ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए आरोपी छात्र के खिलाफ सख्त और तत्काल कार्रवाई की मांग की है। DTF के मुताबिक, घटना से संबंधित CCTV फुटेज में कथित तौर पर छात्र प्रोफेसर का इंतजार करता नजर आ रहा है। फुटेज में वह प्रोफेसर के बिल्डिंग में प्रवेश करने के दौरान उनके पास पहुंचकर हमला करता दिखाई देता है। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में भी कार्रवाई शुरू की गई।

4. दिल्ली SIR: डिटेल नहीं देने वाले वोटर्स को मिलेगा नोटिस
दिल्ली में वोटर लिस्ट (Voter List) के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान अगर कोई मतदाता गणना प्रपत्र जमा नहीं कर पाया है, तो उसके पास अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का एक और मौका होगा। निर्वाचन आयोग 24 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित करने के बाद ऐसे मामलों में आगे की प्रक्रिया शुरू करेगा। जिन मतदाताओं ने गणना प्रपत्र तो जमा कर दिया है, लेकिन उसमें वर्ष 2002 में हुए SIR से जुड़ा विवरण दर्ज नहीं किया है, उन्हें निर्वाचन आयोग की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद उन्हें आवश्यक दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली में सिनेमाघर खोलना हुआ आसानः दिल्ली में सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स (multiplexe) खोलने की प्रक्रिया अब पहले के मुकाबले आसान हो जाएगी। रेखा गुप्ता सरकार (Rekha Gupta Government) ने सिनेमैटोग्राफ लाइसेंस (Cinematograph License) की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सिंगल-विंडो सिस्टम वाली नई SOP (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) लागू कर दी है। इसके तहत सिनेमा संचालकों को अलग-अलग विभागों से NOC लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नई व्यवस्था के तहत सिनेमाघर या मल्टीप्लेक्स को लाइसेंस लेने के लिए पुलिस, फायर विभाग, नगर निकाय, दिल्ली जल बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न एजेंसियों से अलग-अलग मंजूरी लेने की प्रक्रिया खत्म कर दी गई है। अब इन सभी विभागों से जुड़ी प्रक्रिया को एकीकृत सिस्टम के जरिए पूरा किया जाएगा। (पूरी खबर पढ़े)
लाल किला आतंकी मामला: जासिर बिलाल वानी को जमानत नहीं मिलीः लाल किला आतंकी मामले में आरोपित जासिर बिलाल वानी उर्फ दानिश को दिल्ली हाई कोर्ट से मंगलवार, 18 अगस्त को बड़ा झटका लगा। अदालत ने उसे डिफॉल्ट जमानत देने से इनकार करते हुए ट्रायल कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली उसकी अपील खारिज कर दी। जासिर बिलाल ने दलील दी थी कि जांच एजेंसी ने कानून में निर्धारित समयसीमा के भीतर जांच पूरी नहीं की और न ही आरोपपत्र दाखिल किया। इसी आधार पर उसने डिफॉल्ट जमानत की मांग की थी। (पूरी खबर पढ़े)
दिल्ली में फील्ड अफसरों की मोबाइल से लगेगी अटेंडेंसः दिल्ली सरकार (Delhi Government) के अधिकारियों और कर्मचारियों की अटेंडेंस व्यवस्था में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। खासकर फील्ड ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए आधार-इनेबल्ड फेस रिकग्निशन सिस्टम (Aadhaar-enabled face recognition system) लागू करने की तैयारी की जा रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत मौजूदा मोबाइल आधारित बायोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम (biometric machines) को फेस रिकग्निशन एप्लीकेशन और रियल टाइम जियो-लोकेशन से जोड़ने की योजना है। इससे फील्ड में तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ उनकी वास्तविक लोकेशन की भी जानकारी मिल सकेगी। (पूरी खबर पढ़े)
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


