सुशीला देवी गुडगांव। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 23 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गुरुग्राम साइबर क्राइम पुलिस ने अजमेर, राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महज 10 हजार रुपये के कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2025 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ लोगों ने खुद को सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर उसके बैंक खाते को मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा होने का भय दिखाया। इसके बाद 26 जुलाई से 4 अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग खातों में उससे करीब 23 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।

मामले की जांच में साइबर अपराध पश्चिम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 30 अगस्त 2026 को अजमेर से रईस अहमद (25) निवासी सिलावट मोहल्ला, दरगाह शरीफ, चांदीकुआ, अजमेर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि ठगी की रकम में से करीब 2.95 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में पहुंचे थे। आरोपी ने 10 हजार रुपये कमीशन लेकर अपना बैंक खाता अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराया था।

इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपी को 31 अगस्त को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m