Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: दुर्ग नगर निगम के 24 एमएलडी फिल्टर प्लांट में जल शोधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 29 जुलाई से दो दिवसीय विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सुबह की जलापूर्ति सामान्य रहेगी, जबकि शाम की जलापूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित हो सकती है। इसका असर शंकर नगर, शक्ति नगर, पद्मनाभपुर, शनिचरी बाजार, हनुमान नगर, ट्रांसपोर्ट नगर और गिरधारी नगर की ओवरहेड टंकियों से होने वाली जलापूर्ति पर पड़ेगा।

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 3.19 लाख की ठगी

दुर्ग। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर पड़ोसी से 3 लाख 19 हजार 50 रुपये ठगने वाले आरोपी मनोज केशरवानी (57) को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अटल आवास निवासी लोमेश वासनिक ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने उनके बच्चों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 17 अगस्त 2025 से 20 अप्रैल 2026 के बीच किश्तों में नकद और ऑनलाइन रकम ली। नौकरी नहीं लगने और पैसे वापस नहीं मिलने पर शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के बाद पुलिस ने 28 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी की है या नहीं।

पूरक परीक्षा में पास कराने के नाम पर फर्जी कॉल, पालकों से मांगे हजारों रुपये

बालोद। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की पूरक परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू होते ही फर्जी दलाल सक्रिय हो गए हैं। खुद को मंडल का अधिकारी बताकर पालकों को फोन किए जा रहे हैं और बच्चों को पास कराने के नाम पर 3 से 4 हजार रुपये की मांग की जा रही है। एक पालक ने बताया कि उसे कई बार फोन कर क्यूआर कोड भेजा गया, लेकिन उसने कोई भुगतान नहीं किया। मंडल और शिक्षकों ने स्पष्ट किया है कि उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरी तरह गोपनीय प्रक्रिया है और पालकों से किसी भी प्रकार के लेन-देन से बचने की अपील की है।

खड़ी कार का कांच तोड़कर 4.90 लाख रुपये की उठाईगिरी

दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े खड़ी कार का कांच तोड़कर 4.90 लाख रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया गया। पीड़ित प्रमोद माहेश्वरी कर्मचारियों के वेतन के लिए बैंक से रकम निकालकर कार में रखकर कारखाने गए थे। इसी दौरान आरोपी कार का कांच तोड़कर बैग लेकर पोटिया की ओर पैदल फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पीएमश्री स्कूलों में स्पेशल एजुकेटर के 6 पदों पर संविदा भर्ती

बालोद। जिले के पांच पीएमश्री विद्यालयों में प्राथमिक स्तर के 5 और माध्यमिक स्तर के 1 सहित कुल 6 स्पेशल एजुकेटर के पदों पर 10 माह के लिए संविदा भर्ती की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती से जुड़ी पात्रता, योग्यता और अन्य जानकारी एनआईसी बालोद की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

11वीं की छात्रा ने घर में लगाई फांसी, पुलिस कर रही जांच

दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र के जांजगिरी गांव में 17 वर्षीय 11वीं की छात्रा लीना साहू ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर थे। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्रा ने एक रात पहले खाना नहीं खाया था और परिवार से भी कम बातचीत की थी। पुलिस उसके मोबाइल, दिनचर्या और दोस्तों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

20.50 लाख रुपये का गांजा जब्त, तस्कर वाहन छोड़कर फरार

राजनांदगांव। तुमड़ीबोड़ पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई में एक मालवाहक वाहन से 41 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 20 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस को देखकर तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पीडीएस दुकान संचालन के लिए 7 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

राजनांदगांव। राजनांदगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत मनकी और मोखला में नई शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन के लिए इच्छुक समितियों से 7 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन निर्धारित दस्तावेजों के साथ एसडीएम कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।

कॉमनवेल्थ रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव से मिले महापौर

राजनांदगांव। कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली ज्ञानेश्वरी यादव से महापौर मधुसूदन यादव ने उनके निवास पर मुलाकात की। उन्होंने ज्ञानेश्वरी और उनके परिवार को बधाई देते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देने का भरोसा दिलाया।

फर्जी माओवादी बनकर दहशत फैलाने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार

गढ़चिरौली। माओवादी संगठन के नाम पर बैनर और पोस्टर लगाकर लोगों में दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। उनके खिलाफ बीएनएस, यूएपीए और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H