कुलदीप सिंह, फतेहपुर. थाना हथगांव क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और गौकशी के आरोपियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई. आदर्श पब्लिक स्कूल के पास आम और महुआ के बाग में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो शातिर अभियुक्तों के पैरों में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए. पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है.

​पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि थाना हथगांव क्षेत्र में पूर्व में हुई गौकशी की घटना के तहत पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी. रात गश्त और चेकिंग के दौरान हथगांव अम्बापुर रोड पर स्थित एक बाग में पुलिस और आरोपियों का आमना-सामना हो गया. खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लग गई.

इसे भी पढ़ें : नियम तो मानना ही पड़ेगा! ट्रक, ऑटो, चारपहिया और दोपहिया वाहनों की गहन चेकिंग, खाकी ने वसूला 15 लाख का जुर्माना, जानिए कितनों को कटा चालान

​पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए दोनों आरोपियों की पहचान​ समीम (28) के बाएं पैर में गोली लगी. दूसरा आफताब आलम (35)के दाहिने पैर में गोली लगी. दोनों अभियुक्तों पर पूर्व में भी गौकशी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस उनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी विस्तृत जानकारी जुटा रही है. घायल और गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री और हथियार, 2 अवैध तमंचा (315 बोर) 2 जिंदा कारतूस (315 बोर) और 3 खोखा कारतूस (315 बोर) ​3 लोहे के चापड़ ​एक लकड़ी का ठीहा, ​एक नीली पन्नी और ​एक चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट) बरामद किए हैं.

​पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी आवश्यक विधिक प्रक्रियाएं पूरी कर दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा. इस प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और उनके विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. थाना हथगांव पुलिस द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है.