हेमंत शर्मा, इंदौर। एमपी के इंदौर में महिला सुरक्षा को लेकर विजयनगर पुलिस ने बड़ा और अनोखा अभियान चलाया। मेघदूत गार्डन के बाहर सिविल ड्रेस में तैनात महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत और छेड़छाड़ की कोशिश करने पहुंचे एक युवक को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इलाके में लगातार ईव टीजिंग और स्टॉकिंग की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह स्टिंग ऑपरेशन प्लान किया गया।
इंदौर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विजयनगर पुलिस अब एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहर के मेघदूत गार्डन के बाहर पुलिस ने विशेष स्टिंग ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन के तहत महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में इलाके में तैनात किया गया था, जबकि आसपास पुलिस की टीम सादी वर्दी में लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सागर निवासी सर्वेश साहू वहां पहुंचा और महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत करने लगा। पुलिस के मुताबिक युवक ने महिलाओं से निजी सवाल पूछे और यह जानने की कोशिश की कि वे सिंगल हैं या नहीं।
युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पहले से निगरानी कर रही टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे पकड़ लिया। पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर विजयनगर थाने पहुंची, जहां उससे पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मेघदूत गार्डन और आसपास के क्षेत्र से लंबे समय से महिलाओं के साथ छेड़छाड़, पीछा करने और ईव टीजिंग की शिकायतें मिल रही थीं।इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विजयनगर पुलिस ने यह विशेष अभियान चलाया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों, गार्डन, कैफे और सार्वजनिक स्थानों पर भी इसी तरह के स्टिंग ऑपरेशन चलाए जाएंगे, ताकि महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।

