आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। दंतेवाड़ा जिले के बंजारी घाट में हुई एक सड़क दुर्घटना अब केवल हादसे की कहानी नहीं रह गई है, बल्कि एक युवा ट्रक चालक की मौत ने पूरे घटनाक्रम को संवेदनशील और गंभीर बना दिया है। आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो और उनमें लगाए गए आरोपों ने इस मामले को नए मोड़ पर ला दिया है। अब सवाल सिर्फ दुर्घटना का नहीं, बल्कि उन परिस्थितियों का भी है, जिन्होंने एक 25 वर्षीय युवक को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

दरअसल महासमुंद निवासी ताम्रध्वज साहू ट्रक लेकर जगदलपुर से गीदम की ओर जा रहा था। बंजारी घाट के पास उसकी ट्रक और एक लग्जरी कार के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर विवाद की स्थिति बनी। इसके कुछ घंटों बाद ताम्रध्वज ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो पोस्ट किए। इसके बाद फिर उसका शव गीदम थाना क्षेत्र में एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला।

narayana

दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप

आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में युवक ने अपने परिवार के लिए भावुक संदेश छोड़े। उसने अपनी मां से माफी मांगी और ट्रक मालिक के नाम भी संदेश रिकॉर्ड किया। साथ ही उसने दावा किया कि दुर्घटना के बाद उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट हुई तथा उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं। वीडियो में उसने यह भी कहा है कि दुर्घटना जानबूझकर नहीं हुई थी। वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हादसा हुआ।

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हर पहलू की जांच में जुट गई है। पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से युवक की लोकेशन ट्रेस की, जिसके आधार पर टीम मौके पर पहुंची और उसका शव बरामद किया। पूरे घटनाक्रम के वीडियो, घटना स्थल और अन्य साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले को दो अलग-अलग पहलुओं से देखा जा रहा है। पहला मामला सड़क दुर्घटना से जुड़ा है, जबकि दूसरा युवक की आत्महत्या से संबंधित है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

जांच रिपोर्ट पर टिकी सभी की नजरें

एक सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद आखिर कैसे एक युवा चालक की मौत तक पहुंच गया, इसका जवाब अब जांच में सामने आएगा, लेकिन इस घटना ने यह जरूर दिखा दिया है कि किसी भी हादसे के बाद पैदा होने वाला तनाव और दबाव किस तरह जिंदगी पर भारी पड़ सकता है। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की जांच जारी है और सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

सुसाइड से पहले ट्रक चालक ने बनाया वीडियो

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H