Ganesh Chaturthi Special : आज से गणेश उत्सव शुरू हो रहा है, जिसका हम सभी भक्तों को बेसब्री से इंतज़ार होता है. बप्पा के आगमन से हर तरफ़ खुशियों का माहौल छा जाता है. इस दौरान बप्पा को मोदक का भोग लगाने की परंपरा है. 14 सितंबर से गणेश उत्सव की शुरुआत हो रही है और ऐसे में घरों में तैयारियों का सिलसिला भी शुरू हो गया है. भगवान गणेश को मोदक बेहद प्रिय माना जाता है, इसलिए इस दौरान खासतौर पर उकडीचे मोदक बनाए जाते हैं. चावल के आटे से तैयार होने वाले ये मोदक स्वादिष्ट होने के साथ-साथ देखने में भी बेहद खूबसूरत लगते हैं. हालांकि, इन्हें बनाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता.
खासतौर पर जो लोग पहली बार उकडीचे मोदक बनाने की कोशिश करते हैं, उन्हें अक्सर एक ही समस्या का सामना करना पड़ता है. मोदक को आकार देते समय आटा किनारों से फटने लगता है. कई बार भरावन डालने के बाद मोदक ठीक से बंद नहीं हो पाता और भाप में पकाते समय इसकी परत टूट जाती है. ऐसे में मेहनत से तैयार किया गया मोदक बिखर जाता है और अंदर की नारियल-गुड़ की भरावन बाहर निकलने लगती है.
अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो इसकी सबसे बड़ी वजह आटे की सही कंसिस्टेंसी न होना हो सकती है. उकडीचे मोदक के लिए चावल का आटा न ज्यादा सूखा होना चाहिए और न ही बहुत गीला. आटा जितना मुलायम और लचीला होगा, उसे आकार देना उतना ही आसान होगा. आइए जानते हैं इसे बनाते समय किन बातों का ध्यान रखा जाना जरूरी है.
आटा तैयार करते समय करें ये काम
उकडीचे मोदक का आटा बनाते समय चावल के आटे को गर्म पानी में डालने के बाद अच्छी तरह मिलाना जरूरी है. लेकिन एक छोटी सी बात का ध्यान रखना और भी जरूरी है.आटे को अच्छी तरह पकने के बाद गर्म रहते हुए ही गूंथें.
घी या तेल करोड़ लगायें
आटे को गूंथते समय हाथों पर थोड़ा-सा घी या तेल लगाएं और इसे तब तक गूंथें, जब तक आटा बिल्कुल चिकना और मुलायम न हो जाए. अगर आटा गूंथते समय सूखा या कड़ा महसूस हो रहा है, तो थोड़ा गर्म पानी डालकर उसकी नमी ठीक की जा सकती है. आटे को ढककर कुछ मिनट रखने से भी उसकी नमी बरकरार रहती है.
मोदक बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
मोदक की परत बनाते समय आटे की लोई बहुत मोटी न रखें. इसे धीरे-धीरे दबाकर पतला और समान रूप से फैलाएं. किनारों को थोड़ा पतला रखना जरूरी है, ताकि मोदक की पंखुड़ियां आसानी से बनाई जा सकें और भरावन डालने के बाद उन्हें बंद करने में परेशानी न हो.
भरावन डालते समय रखें ध्यान
भरावन भी बहुत ज्यादा न भरें. ज्यादा भरावन होने पर मोदक बंद करते समय दबाव पड़ता है और आटा फट सकता है. पंखुड़ियां बनाने के बाद सभी किनारों को हल्के हाथों से दबाकर अच्छी तरह बंद करें.
भाप में पकाते समय भी रखें सावधानी
मोदक को स्टीमर में रखने से पहले स्टीमर की प्लेट या छलनी पर हल्का घी लगाएं या साफ सूती कपड़ा बिछाएं. इससे मोदक चिपकेंगे नहीं. इन्हें तेज आंच पर पकाने के बजाय मध्यम आंच पर भाप में पकाना बेहतर रहता है.
इस गणेश उत्सव में अगर आप पहली बार घर पर उकडीचे मोदक बना रहे हैं, तो सबसे ज्यादा ध्यान आटे की नरमी और नमी पर दें. आटा सही तरह से मुलायम और लचीला होगा, तो मोदक को मनचाहा आकार देना आसान होगा और पकाते समय उसके टूटने की संभावना भी काफी कम हो जाएगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



