Sachin’s brand value: क्रिकेट के मैदान से संन्यास लिए सचिन तेंदुलकर को करीब 13 साल हो चुके हैं, लेकिन ब्रांड की दुनिया में उनकी चमक अब भी कायम है। रिटायरमेंट के इतने साल बाद भी कंपनियों के बीच उनकी मांग बनी हुई है। भरोसा, लोकप्रियता और कई पीढ़ियों में उनकी पहचान ने ‘ब्रांड सचिन’ को अब भी मजबूत बनाए रखा है।

कंसल्टिंग फर्म Kroll की Celebrity Brand Valuation 2025 रिपोर्ट के मुताबिक सचिन तेंदुलकर की ब्रांड वैल्यू 12.2% बढ़कर 125.9 मिलियन डॉलर हो गई है। इसके साथ ही वह पिछले साल के पांचवें स्थान से ऊपर उठकर इस बार चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।

खास बात यह है कि टॉप सेलिब्रिटी ब्रांड्स की सूची में ज्यादातर नाम मौजूदा बॉलीवुड सितारों और सक्रिय खिलाड़ियों के हैं। सचिन इस सूची में लगातार जगह बनाने वाले इकलौते रिटायर्ड स्पोर्ट्स पर्सन हैं।

शाहरुख नंबर-1, रणवीर ने विराट को पीछे छोड़ा

Kroll की रिपोर्ट में इस बार टॉप-3 में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। बॉलीवुड के शाहरुख खान 177.9 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ पहले नंबर पर हैं। वहीं रणवीर सिंह ने 162.9 मिलियन डॉलर की वैल्यू के साथ विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है।

विराट कोहली 158.4 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ तीसरे नंबर पर हैं। सचिन 125.9 मिलियन डॉलर के साथ चौथे और महेंद्र सिंह धोनी 115.3 मिलियन डॉलर के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

ये हैं भारत के टॉप-10 सबसे मूल्यवान सेलिब्रिटी ब्रांड

रैंकसेलिब्रिटीब्रांड वैल्यू
1शाहरुख खान$177.9 मिलियन
2रणवीर सिंह$162.9 मिलियन
3विराट कोहली$158.4 मिलियन
4सचिन तेंदुलकर$125.9 मिलियन
5एमएस धोनी$115.3 मिलियन
6ऋतिक रोशन$99.9 मिलियन
7आलिया भट्ट$93.9 मिलियन
8दीपिका पादुकोण$89.2 मिलियन
9अमिताभ बच्चन$80.8 मिलियन
10अक्षय कुमार$80 मिलियन

सचिन की ब्रांड वैल्यू में 12.2% की बढ़ोतरी

सचिन की ब्रांड वैल्यू में एक साल में 12.2% की बढ़ोतरी हुई है। उनका एंडोर्समेंट पोर्टफोलियो भी करीब 20% बढ़ा है और अब वह 25 से ज्यादा ब्रांड्स से जुड़े हुए हैं। सोशल मीडिया पर उनकी पहुंच 12.5 करोड़ से ज्यादा लोगों तक बताई गई है।

उनकी ब्रांड अपील सिर्फ क्रिकेट से जुड़े उत्पादों तक सीमित नहीं है। कंपनियां उन्हें ऐसे ब्रांड्स के लिए भी चुन रही हैं, जहां भरोसा और विश्वसनीयता सबसे अहम होती है।

हाल ही में कृषि क्षेत्र की कंपनी SML ने सचिन को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। कंपनी का नेटवर्क करीब 18 हजार डीलर्स और 10 लाख से ज्यादा किसानों तक बताया गया है। कंपनी के मुताबिक सचिन के जुड़ने से ग्रामीण बाजार में ब्रांड को लेकर उत्सुकता बढ़ी है।

सचिन लंबे समय से Apollo Tyres से भी जुड़े हुए हैं। यह साझेदारी 2018 से जारी है। कंपनी के मुताबिक सचिन की ऑटोमोबाइल्स में दिलचस्पी और सहज व्यक्तित्व ब्रांड के साथ उनकी कनेक्टिविटी को मजबूत करता है।

विज्ञापन से आगे, बिजनेस में भी सक्रिय

रिटायरमेंट के बाद सचिन सिर्फ विज्ञापन करने वाले सेलिब्रिटी नहीं रहे। वह कई कंपनियों में इन्वेस्टर और स्ट्रैटेजिक पार्टनर के तौर पर भी जुड़े हैं।

उनके निवेश वाले कारोबारों में Zepto, Spinny और Truzon Solar जैसे नाम शामिल हैं। वहीं Spinny, Kissht और Sugar.Fit के साथ उनका रिश्ता एंडोर्समेंट के साथ निवेश से भी जुड़ा बताया गया है।

स्पोर्ट्सवियर स्टार्टअप Ten X You के साथ भी सचिन की भूमिका अलग है। वह कंपनी के प्रमुख शेयरहोल्डर्स में शामिल हैं और प्रोडक्ट डेवलपमेंट में भी हिस्सा लेते हैं। कंपनी के मुताबिक वह खुद प्रोडक्ट इस्तेमाल कर फिटिंग और कंफर्ट पर फीडबैक देते हैं।

1989 में शुरू हुआ था सचिन का कमर्शियल सफर

सचिन का कमर्शियल सफर क्रिकेट के शुरुआती दौर में ही शुरू हो गया था। 1989 में Band-Aid के साथ उनका पहला विज्ञापन आया था। इसके बाद 2001 में WorldTel के साथ करीब 100 करोड़ रुपए की डील ने उन्हें भारतीय खेल जगत के बड़े कमर्शियल स्टार्स में शामिल कर दिया।

आज लंबे समय से उनके साथ जुड़े ब्रांड्स में Apollo Tyres, Luminous, Livpure, DP World और Tanishq शामिल हैं। वहीं नए दौर की कंपनियों में Reddit, Spinny, Kissht और Häfele जैसे नाम भी उनके ब्रांड पोर्टफोलियो का हिस्सा हैं।

कुल ब्रांड वैल्यू 2 अरब डॉलर के करीब

Kroll की रिपोर्ट के मुताबिक भारत के टॉप-25 सेलिब्रिटीज की कुल ब्रांड वैल्यू करीब 2 अरब डॉलर यानी लगभग 16,600 करोड़ रुपए आंकी गई है। इस सूची में 13 पुरुष और 12 महिला सेलिब्रिटीज शामिल हैं।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट का बाजार तेजी से डिजिटल हो रहा है। पहले एंडोर्समेंट में डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की हिस्सेदारी करीब 40% से 60% तक थी, जो 2025 में बढ़कर 60% से 75% तक पहुंच गई।

ऐसे दौर में भी सचिन तेंदुलकर की ब्रांड वैल्यू का लगातार बढ़ना बताता है कि क्रिकेट से संन्यास के 13 साल बाद भी ‘ब्रांड सचिन’ की पारी जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें