शाहजहांपुर में शनिवार सुबह लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई. हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है.

शाहजहांपुर. लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भेदपुर गांव के पास शनिवार सुबह एक निजी बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई. दोनों हल्द्वानी जा रहे थे.

रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के कनेग गांव निवासी सोमेश शुक्ला अपने मामा मोहित अवस्थी के साथ बाइक से हल्द्वानी के लिए निकले थे. मोहित अवस्थी हरदोई जिले के राघवपुर नवादा गांव के निवासी थे.

पीछे से बस ने मारी टक्कर

भेदपुर गांव के पास पीछे से आ रही एक निजी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

बस छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद बस चालक वाहन को नगरिया मोड़ चौकी के पास छोड़कर फरार हो गया. बस में सवार यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए भेजा जा रहा है.

प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चंद्र ने बताया कि फरार बस चालक की तलाश की जा रही है.