सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार कर रोहिंग्या, बांग्लादेशी, नेपाली और अन्य विदेशी नागरिकों के आधार कार्ड बनवाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी सद्दाम पर 25,000 का इनाम घोषित था. उसे पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज से गिरफ्तार किया गया है.

एटीएस के मुताबिक, इससे पहले इस गिरोह का खुलासा करते हुए 17 आरोपियों को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार से गिरफ्तार किया जा चुका है. जांच में सामने आया था कि गिरोह के सदस्य फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, स्कूल सर्टिफिकेट जैसे भारतीय दस्तावेज तैयार कर उनके आधार पर आधार कार्ड बनवाते थे. जांच में यह भी पता चला कि आरोपी अवैध तरीके से लोगों की आधार ऑपरेटर लॉगिन आईडी बनवाते थे और वीपीएन (VPN) के जरिए सिस्टम को रिमोट एक्सेस कर आधार पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करते थे. इस तरीके से विदेशी नागरिकों के लिए भी भारतीय पहचान दस्तावेज तैयार किए जाते थे.

इसे भी पढ़ें : डायरिया से बिल्कुल नहीं डरना! योगी सरकार चला रही ‘स्टॉप डायरिया कैंपेन’, जानिए बीमारी को कैसे आसानी से दिया जा सकता है मात

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सद्दाम पुत्र अलाऊद्दीन, निवासी रहमानपुर, थाना रघुनाथगंज, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है. एटीएस उसे 28 जुलाई को ट्रांजिट रिमांड पर उत्तर प्रदेश लेकर आई है. अब उससे पूछताछ के लिए अदालत से पुलिस कस्टडी रिमांड मांगी जाएगी, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके. आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. एटीएस का कहना है कि पूछताछ में इस फर्जी दस्तावेज और आधार बनाने वाले नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे होने की संभावना है.