MP TOP NEWS TODAY: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में आज रविवार 12 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं। आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
लाडली बहना योजना की 38वीं किस्त की जारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भिंड जिले के लहर में लाडली बहना योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित किया, जहां उन्होंने लाडली बहना योजना की 38वीं किस्त के रूप में 1835 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि इस क्षेत्र की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाडली बहनों को हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिंड जिले को 322 करोड़ रुपये की लागत वाली 56 विकास परियोजनाएं भेंट कीं। इसमें 4 सरकारी स्कूलों के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने लहर में छात्रों के लिए कॉलेज स्तर पर पीजी कमरों की सुविधा बढ़ाने की भी घोषणा की। यहां पढ़ें पूरी खबर
दूसरी महिला के साथ होटल में पकड़ाया पति
एमपी के रीवा के एक निजी होटल में उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक महिला ने अपने पति को दूसरी युवती के साथ होटल के कमरे में पकड़ लिया। इसके बाद होटल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और पत्नी ने गुस्से में पति की पिटाई भी कर दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। हंगामे के बाद मामला सीधे पुलिस थाने पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। यहां पढ़ें पूरी खबर
नर्मदा पथ गमन प्रोजेक्ट को पर्यावरणविदों ने बताया घातक
मध्यप्रदेश की जीवनदायनी मां नर्मदा को लेकर एक बार फिर विवाद के साथ सियासत गर्म हो रही है। मामला सरकार के मां नर्मदा नदी पर नर्मदा पथ गमन प्रोजेक्ट से जुड़ा हुआ है। दरअसल, सरकार ने मां नर्मदा की परिक्रमा के लिए नर्मदा पथ प्रोजेक्ट की तैयारी शुरू कर दी है। उधर, पर्यावरणविदों ने इसे नदी संरक्षण के विपरीत बेहद घातक बताया है। साथ ही केंद्र सरकार के नदी संरक्षण नियम और सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाइन का खुला उल्लंघन बताया जा रहा है। मामले को अब न्यायालय में ले जाया जाएगा। यहां पढ़ें पूरी खबर
ऑनलाइन गेम की खौफनाक हकीकत
ऑनलाइन गेम की लत बच्चों को किस कदर अपना शिकार बना रही है, इसका एक बड़ा उदाहरण ग्वालियर में सामने आया है। यहां मेहरा कॉलोनी का रहने वाला एक 15 साल का नाबालिग लड़का ‘फ्री फायर’ गेम के चक्कर में अचानक अपने घर से लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत के बाद हरकत में आई ग्वालियर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत जांच शुरू की। तकनीकी इनपुट और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को पता चला कि बच्चा ट्रेन पकड़कर दिल्ली की तरफ गया है। आखिरकार करीब 11 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद ग्वालियर पुलिस ने इस नाबालिग को हरियाणा के जींद जिले से सकुशल बरामद कर लिया है और अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यहां पढ़ें पूरी खबर
मंच पर भिड़े भाजपा नेता और कांग्रेस विधायक
‘काम किसी का और नाम किसी का’, राजनीति का यह पुराना दस्तूर रविवार को बड़वानी में सरेआम देखने को मिला। झंडा चौक पर 3.10 करोड़ रुपये की लागत से बने नए वेंडर मॉल के लोकार्पण पर विकास का क्रेडिट लेने की ऐसी होड़ मची कि सरकारी कार्यक्रम पल भर में सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया। 3 साल की लेट-लतीफी और तीन-तीन डेडलाइन फेल होने के बाद बने इस मॉल का फीता काटने के लिए भाजपा और कांग्रेस के नेता आपस में ही भिड़ गए। मंच से जैसे ही भाजपा ने ‘सब मैंने किया’ का राग अलापते हुए कांग्रेस को कोसा, वैसे ही ‘टेंडर मेरा था’ का दम भरने वाले कांग्रेस विधायक राजन मंडलोई का पारा चढ़ गया। क्रेडिट चुराने की इस ‘मैं-मैं’ से बिफरकर विधायक भरे मंच से वॉकआउट कर गए, जिसके बाद पीछे छूटे भाजपाइयों ने अकेले ही विकास का ढिंढोरा पीटना जारी रखा। यहां पढ़ें पूरी खबर
बीजेपी विधायक पर 2 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप
राजधानी भोपाल के एक प्रतिष्ठित कारोबारी के सोशल मीडिया पोस्ट ने मध्य प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। भोपाल के कारोबारी सुशील अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक अंबरीश शर्मा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन पर ₹2 करोड़ की राशि हड़पने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। कारोबारी ने इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। यहां पढ़ें पूरी खबर
छात्राओं के सामने मनचलों ने किया अश्लील डांस
मध्य प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार भले ही बड़े दावे करे लेकिन रतलाम के सैलाना नगर से सामने आई एक तस्वीर ने इन दावों की धज्जियां उड़ाकर रख दी है। यहां स्कूल से घर लौटने वाली मासूम छात्राओं और महिलाओं को सरेआम रास्ते में घेरकर कुछ मनचले युवक उनके सामने डांस कर रील्स (REEL) बना रहे हैं। हद तो तब हो गई जब इन वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खुलेआम रसूख और वाहवाही बटोरी जा रही है। यहां पढ़ें पूरी खबर
राज्यमंत्री के क्षेत्र में चारपाई बनी ‘एंबुलेंस’
मध्य प्रदेश में डिजिटल इंडिया और चमचमाती सड़कों के दावों के बीच जमीनी हकीकत आज भी विपरीत है। सतना जिले से विकास के खोखले दावों को उजागर करती एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। यहां सूबे की नगरीय विकास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के ही विधानसभा क्षेत्र में सड़क न होने के कारण एक पैरालिसिस पीड़ित बुजुर्ग महिला को एंबुलेंस तक नसीब नहीं हुई। परिजन और ग्रामीण मजबूरन बेबस बुजुर्ग को चारपाई पर लिटाकर डेढ़ किलोमीटर लंबे कीचड़ और मलबे से भरे रास्ते को पैदल पार कर मुख्य सड़क तक लेकर पहुंचे। यहां पढ़ें पूरी खबर
शशांक सिंह ने रसोइए को बताया आदतन अपराधी
राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में रहने वाले मध्यप्रदेश पुलिस के स्पेशल डीजी पद से सेवानिवृत्त शैलेष सिंह और उनके क्रिकेटर बेटे शशांक सिंह तथा ड्राइवर पर उनके रसोइए विपेन्द्र सिंह तोमर ने मारपीट और गाली गलौच जैसे सनसनीखेज आरोप लगाए थे। इस पूरे मामले में पुलिस ने रिटायर्ड स्पेशल डीजी शैलेष सिंह, बेटे शशांक और ड्राइवर पर केस दर्ज भी किया था। इन आरोपों को क्रिकेटर शशांक सिंह शुरुआत से ही सिरे से खारिज करते हुए नजर आ रहे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
चैंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव अधिकारी CA से 21 करोड़ की ठगी
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से साइबर अपराध का एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। इसे प्रदेश के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी साइबर ठगी बताया जा रहा है। जालसाजों ने ग्वालियर के एक 70 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) और चैंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव अधिकारी अशोक विजयवर्गीय को अपने जाल में फंसाकर 21 करोड़ 05 लाख 96 हजार रुपये की चपत लगा दी। शातिर ठगों ने पीड़ित को क्रिप्टो और ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर इस अंधी ठगी को अंजाम दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

