पवन राय, मंडला। एमपी के मंडला में एक घटना ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले में शराब माफियाओं की दबंगई अब सिर्फ अवैध कारोबार तक सीमित नहीं रह गई, बल्कि अब सड़कों पर खुलेआम खूनी खेल खेलने के आरोप लग रहे हैं। मामला नांदिया घाट का है, जहां देर रात राहगीरों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। 

आरोप है कि नैनपुर शराब ठेकेदार से जुड़े युवकों ने रास्ता रोककर पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इस हमले में कई लोग घायल हो गए। वाहनों में तोड़फोड़ की गई और मोबाइल तक तोड़ दिए गए। 

बताया जा रहा है कि नैनपुर से लौट रहे कुछ युवक नांदिया घाट से गुजर रहे थे, तभी बिना नंबर की गाड़ियों में सवार करीब 15 से 20 लोग वहां पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने युवकों को घेरकर बेरहमी से पीटा। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश है। 

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इन शराब माफियाओं के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि उन्होंने बीच सड़क कानून को ही चुनौती दे डाली ? उधर मंडला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नैनपुर शराब ठेकेदार सहित पांच लोगों के खिलाफ बलवा और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तीन बोलेरो और कुछ दोपहिया वाहन भी जब्त किए हैं। हालांकि दो आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। मंडला एसपी राजेश रघुवंशी का कहना है कि जिले में गुंडागर्दी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m