कर्ण मिश्रा, ग्वालियर/अशोकनगर।मध्य प्रदेश के अस्पतालों में अच्छी व्यवस्था, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं सिर्फ एक सपना बनकर रह गया है। यहां हालात सुधारने की कवायद नहीं की जाती बल्कि उन पर पर्दा कर दिया जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि हाल ही में अशोकनगर जिले के एक सरकारी अस्पताल में प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला के निरीक्षण के दौरान ऐसा ही कुछ हुआ है। मंत्री के वीडियो बनाने और उन्हें सड़ चुके बदबूदार सिस्टम की सच्चाई से वाकिफ होने से रोकने के लिए कर्मचारियों ने जो स्प्रे छिड़ककर सुगंधित माहौल दिखाने की हरकत की, उसका वीडियो आग की तरह तेजी से फैल रहा है।
दरअसल, अशोकनगर जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला अस्पताल के औचक निरीक्षण पर निकले थे। वह अस्पताल की व्यवस्था और हालात का जायजा लेने के लिए पहुंचने वाले थे। लेकिन कर्मचारी उनसे ज्यादा तेज और तर्रार निकले। उन्होंने मंत्री के आने से पहले कमरे से आ रही बदबू को छिपाने के लिए सभी जगह स्प्रे छिड़कने लगे ताकि मंत्री को किसी भी हाल में बदबू न आ जाए। लेकिन इस दौरान अज्ञात व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। एक्स पर कांग्रेस ने पोस्ट कर लिखा, ‘मरीज बदबू झेलते रहें, मंत्री जी के लिए फूल खुशबू छिड़की जाएगी। अशोकनगर अस्पताल के यह दृश्य सरकार का आईना है। कर्मचारी आगे-आगे रूम फ्रेशनर छिड़कते रहे,और प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला पीछे-पीछे “निरीक्षण” का दिखावा करते रहे। सिस्टम की सच्चाई यही है, बदबू हटाने के बजाय उसे सिर्फ़ छुपाया जा रहा है।

