नरेश शर्मा, रायगढ़। शहर के पचधारी डेम में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। डेम में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भेजकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

डेम में नहाने के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय अजय सिदार के रूप में हुई है, जो रियापाली गांव का निवासी था और NTPC लारा में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि रविवार को छुट्टी होने के कारण अजय अपने चार दोस्तों के साथ पचधारी डेम घूमने और नहाने पहुंचा था। इस बीच नहाने के दौरान अजय गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

narayana

घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद शाम करीब साढ़े 6 बजे युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।

इस हादसे ने उस समय सभी को भावुक कर दिया, जब मदर्स डे के दिन बेटे का शव देखकर मां बेसुध हो गई। मां अपने बेटे को उठाने की कोशिश करते हुए लगातार रोती रही। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।

हर साल होते हैं हादसे

गौरतलब है कि गोवर्धनपुर स्थित पचधारी डेम में हर साल डूबने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। हादसों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा डेम के दोनों ओर नहाने पर प्रतिबंध संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इसके बावजूद लोग चेतावनियों को नजरअंदाज कर बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं। खासकर गर्मी और छुट्टी के दिनों में यहां काफी भीड़ देखने को मिलती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है, लेकिन लोगों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। एक बार फिर हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H