सूरत। गुजरात के आर्थिक और व्यापारिक केंद्र सूरत शहर के लिंबायत इलाके में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है। सहजानंद सोसायटी में संपत्ति और दुकानों के किराए के बंटवारे को लेकर जारी पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बड़े बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां और छोटे भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दोनों की नृशंस हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची छोटे भाई की पत्नी भी चाकू लगने से घायल हो गई।

मूल रूप से तेलंगाना का यह परिवार पिछले लंबे समय से गुजरात के सूरत में निवास कर रहा था। मृतका मलेश्वरीबेन सुदर्शन गोडुंरु के नाम पर तीन दुकानें थीं, जिनसे हर महीने लगभग 60 हजार रुपये किराया आता था। मां यह किराया अपने सबसे छोटे बेटे राजू को देती थीं, जिसके साथ वह रहती थीं। इसी बात को लेकर बड़ा बेटा श्रीनिवास लगातार नाराजगी जता रहा था और संपत्ति तथा किराए की रकम तीनों भाइयों में बराबर बांटने की जिद पर अड़ा था। मां के बंटवारे से इनकार करने पर घर में आए दिन विवाद होता रहता था।

रविवार सुबह आरोपी श्रीनिवास सहजानंद सोसायटी स्थित घर पहुंचा और संपत्ति को लेकर फिर बहस शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि उसने अचानक चाकू निकालकर अपनी मां और छोटे भाई राजू पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, राजू की पत्नी ममता पर भी हमला किया गया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई है।

स्थानीय सूत्रों और परिजनों के अनुसार, आरोपी नशे का आदी था और उस पर जुए का कर्ज भी था। घटना की सूचना मिलते ही लिंबायत पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी एफएसएल (FSL) टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें