वीरेन्द्र गहवई, बिलासपुर। सूबे के मुखिया विष्णुदेव साय गुरुवार को बिलासपुर दौरे पर पहुंचे। यहां सुशासन तिहार में उन्होंने 134 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वहीं सीएम साय ने महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 68 लाख महिलाओं के खातों में 642 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की।

मुख्यमंत्री साय ने 80 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की और पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी। उन्होंने एसईसीएल के सीएसआर मद से बने बहुउद्देशीय वृद्धाश्रम और दिव्यांगजन शिक्षण-प्रशिक्षण केंद्र का शिलान्यास किया। साथ ही जिला अस्पताल में 4.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण भी किया।

इस दौरान सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण उनकी सरकार की पहचान है तथा सरकार जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं की समीक्षा कर रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी संबोधित किया।

बेलतरा महाविद्यालय के नामकरण की घोषणा

मुख्यमंत्री साय ने बेलतरा महाविद्यालय का नामकरण स्वर्गीय सखाराम सूर्यवंशी के नाम पर करने और क्षेत्र में पांच मंगल भवनों के निर्माण की घोषणा भी की।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H