नई दिल्ली। राजधानी में शिक्षा मंत्रालय (Ministry of Education) से जुड़ी आग की घटना को लेकर फैली खबरों पर मंत्रालय ने आधिकारिक सफाई जारी की है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि आग शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में लगी थी, जिस पर मंत्रालय ने स्थिति स्पष्ट की है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह जानकारी गलत है कि आग मंत्रालय के दफ्तर में लगी। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि उसका कार्यालय कर्तव्य भवन-2, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड, नई दिल्ली में स्थित है। बयान के अनुसार, आग की घटना स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) परिसर में स्थित एक कार्यालय में हुई है, जो 4-ब्लॉक B, इंद्रप्रस्थ एस्टेट, विकास मार्ग (ITO), नई दिल्ली-110002 में आता है। मंत्रालय ने कहा कि आग की घटना का शिक्षा मंत्रालय के मुख्य कार्यालय से कोई संबंध नहीं है और न ही मंत्रालय की किसी बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है।

मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह गलत दावा किया गया कि आग शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में लगी थी, जबकि मंत्रालय का मुख्य कार्यालय कर्तव्य भवन-2, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड, नई दिल्ली में स्थित है। बयान में स्पष्ट किया गया है कि आग की घटना SPA परिसर के एक हिस्से में हुई थी और इसका मंत्रालय के मुख्य कार्यालय से कोई संबंध नहीं है। मंत्रालय ने कहा कि यह सफाई इसलिए जारी की जा रही है ताकि घटना को लेकर किसी भी तरह की गलत सूचना या भ्रम न फैले।

कांग्रेस ने सरकार को घेरा

कांग्रेस ने इस घटना पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शिक्षा मंत्रालय में आग की घटना भले ही प्रशासनिक स्तर पर हो, लेकिन देश की शिक्षा व्यवस्था “असली आग” से प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शिक्षा क्षेत्र को “पेपर लीक माफियाओं के जरिए लूट का धंधा” बना दिया है और इसके परिणाम अब CBSE के छात्रों तक झेलने पड़ रहे हैं। वहीं कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मामला गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि शिक्षा मंत्रालय के ऑफिस में आग लगने की खबर चिंताजनक और “गड़बड़” है।

इस बीच आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने इस घटना पर चिंता जताते हुए सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर कथित तौर पर नीट पेपर लीक और CBSE की उत्तर पुस्तिकाओं में गड़बड़ी के आरोपों से जुड़े मामले बताए जाते हैं, वहीं आग लगने की घटना सामने आई है। सिसोदिया ने आरोप लगाया कि “लाखों बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मामलों से जुड़े सबूतों को मिटाने की कोशिश” की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना की गहन जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, उन्हें सुबह करीब 9:37 बजे आग लगने की इमरजेंसी कॉल मिली थी। इसके बाद तुरंत 8 फायर टेंडर घटनास्थल पर भेजे गए। दमकलकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित कर लिया। अधिकारियों ने फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं किया है। इसी बीच शिक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि आग उसके मुख्य कार्यालय में नहीं लगी थी, बल्कि घटना SPA परिसर के एक हिस्से में हुई है। मंत्रालय ने बताया कि आग मामूली थी और उस पर समय रहते काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m