सत्या राजपूत, रायपुर। नया रायपुर स्थित 170 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक तृतीयक कैंसर अस्पताल एवं मध्य भारत के अग्रणी कैंसर संस्थानों में से एक, बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) ने आज प्रसिद्ध टेलीविजन अभिनेता एवं होस्ट अर्जुन बिजलानी और अभिनेत्री एवं मॉडल नेहा स्वामी बिजलानी का विशेष स्वागत किया।

लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों मिले जब हम तुम, नागिन, इश्क में मरजावां सहित कई रियलिटी शो में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले अर्जुन बिजलानी ने नेहा स्वामी बिजलानी के साथ अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा किया तथा मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की।

अपने दौरे के दौरान दोनों ने उपचाररत मरीजों से बातचीत की और पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी यूनिट में कैंसर से जूझ रहे बच्चों के साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों और उनके परिवारों से आत्मीय संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं तथा उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।

इस अवसर पर अर्जुन बिजलानी और नेहा स्वामी ने बालको मेडिकल सेंटर के सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन अभियान का औपचारिक शुभारंभ भी किया। यह एक व्यापक जनजागरूकता पहल है, जिसका उद्देश्य पूरे छत्तीसगढ़ में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्क्रीनिंग को प्रोत्साहित करना तथा एचपीवी (HPV) टीकाकरण की पहुंच को बढ़ाना है। इस अभियान के अंतर्गत राज्यभर की पात्र महिलाओं और बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर की जांच एवं टीकाकरण सेवाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।

सोशल मीडिया पर लाइव आकर साझा किए अनुभव

अर्जुन बिजलानी ने अस्पताल परिसर से अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से लाइव सत्र भी किया, जिसमें उन्होंने अपने दौरे के अनुभव साझा किए, स्वास्थ्य विशेषज्ञों से बातचीत की तथा कैंसर जागरूकता, समय पर जांच और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने और जागरूकता को स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने का आह्वान किया।

चिकित्सकों और स्टाफ की सराहना

दौरे के अंत में दोनों ने बालको मेडिकल सेंटर के चिकित्सकों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की, जो छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों से आने वाले मरीजों को समग्र एवं गुणवत्तापूर्ण कैंसर उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H