प्रदीप मालवीय, उज्जैन। सम्राट विक्रम विश्वविद्यालय स्थित कृषि अध्ययनशाला की नई बिल्डिंग में अज्ञात शरारती तत्वों की हरकत सामने आई है। करीब 17 करोड़ की लागत से तैयार इस इमारत के मुख्य द्वार पर धमकी भरे शब्द लिखे मिले, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग के गेट पर लाल रंग से “तुम सब मरोगे” लिखा गया था। इसके साथ ही गेट के पास मटकी, लाल कपड़ा और अन्य सामान भी रखी मिली, जिसे देखकर तंत्र क्रिया जैसी आशंका जताई जा रही है ।
घटना का पता चलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया और मौके से सामान हटाकर दीवार पर लिखे शब्दों को मिटा दिया गया। विभागाध्यक्ष ने इसे असामाजिक तत्वों की करतूत बताते हुए मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी है।
इस घटना के बाद अध्ययनशाला में पढ़ने वाले करीब 1100 छात्रों और स्टाफ के बीच डर का माहौल बन गया है। खास बात यह है कि हाल ही में इस नई बिल्डिंग में कक्षाओं का संचालन शुरू हुआ है।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि परिसर के इस हिस्से में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगा है।

