अशोक कुमार जायसवाल, वाराणसी. फर्जी फर्मों के जरिए सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह के खिलाफ चेतगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. फर्जी इनवॉइस और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के नाम पर करीब 12 करोड़ रुपये की जीएसटी ठगी करने वाले मुख्य आरोपी पंकज कुमार को पुलिस ने बरनाला से गिरफ्तार कर लिया है.

इसे भी पढ़ें- जन्मदिन, जश्न और जानलेवा खेलः बर्थडे के बीच जिम में चली जमकर गोलियां, छोटी सी बात पर बिछा दी 3 लोगों की लाश

बता दें कि जांच में सामने आया कि ‘सनशाइन इंटरप्राइजेज’ नाम की फर्म सिर्फ कागजों पर संचालित हो रही थी. जब राज्य कर विभाग (SIB) की टीम ने फर्म के पंजीकृत पते पर छापेमारी की तो वहां न कोई दुकान मिली और न ही किसी प्रकार की व्यापारिक गतिविधि पाई गई. इस मामले का खुलासा तब हुआ जब SIB रेंज-बी के अधिकारी कमलाकांत भास्कर ने 8 अप्रैल को चेतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई.

इस पूरे घोटाले में बेहद सुनियोजित तरीके से सरकारी सिस्टम का दुरुपयोग किया गया है. बिना किसी वास्तविक खरीद-बिक्री के बिल तैयार किए गए. केवल दस्तावेजों में माल की सप्लाई दिखाकर जीएसटी रिटर्न फाइल किए गए. फर्जी बिलों के जरिए अन्य फर्मों को इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ दिलाया गया, जिससे सरकार को करोड़ों का नुकसान हुआ.

इसे भी पढ़ें- महिला आरक्षण का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार… योगी सरकार पर बरसे श्याम लाल पाल, जानिए ऐसा कह गए सपा प्रदेश अध्यक्ष

चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर बरनाला में दबिश दी. आरोपी पंकज कुमार को गुरु तेग बहादुर नगर स्थित उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जीएसटी चोरी और जालसाजी के दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं.