संजय वाणी, अलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता के साथ दिनदहाड़े मारपीट, पत्थरबाजी और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में गुरुवार को बोरी नगर के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर नगर बंद का आह्वान किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
READ MORE: दिनदहाड़े युवती को उठाकर ले गए: 25 से 30 युवकों ने किया अपहरण, वीडियो वायरल
प्राप्त जानकारी अनुसार, फरियादी दुर्गेश निवासी इमली चौक, बोरी ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह लहसुन-प्याज का व्यवसाय करता है। घटना के दिन दोपहर करीब 3:45 बजे वह मोटरसाइकिल से प्याज लेकर दुकान जा रहा था। जैन मंदिर के सामने जितेंद्र, मुकेश और उनके दो अन्य साथियों ने साइड से चलने की बात को लेकर उसकी बाइक में लात मार दी और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट आई।
फरियादी के अनुसार आरोपी उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने लगे। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रोहित और दीपक पर भी चूलिया रोड पर पत्थरों से हमला किया गया। हमले में रोहित के सिर तथा दीपक के सिर और पीठ पर चोटें आईं। आरोप है कि आरोपियों ने फालिया और गोफन दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।
READ MORE: शिक्षा विभाग का ‘शर्मनाक खेल’! तारामंडल के बाहर कबाड़ की तरह फेंकी लाखों की किताबें; DEO ने साधी चुप्पी
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपी रोहित की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (MP-69-ZC-2707) और दुर्गेश की पल्सर मोटरसाइकिल (MP-09-VN-6884) अपने साथ ले गए। घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में रोहित, संदीप और विशाल के नाम भी रिपोर्ट में दर्ज किए गए हैं। घायलों का उपचार बोरी अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद बोरी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
बोरी पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115, 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
READ MORE: कलयुगी चोरों के हौसले बुलंद: सीहोर में अब भगवान के घर पर धावा, CCTV में कैद हुई वारदात
घटना के विरोध में बोरी नगर के व्यापारियों ने एकजुट होकर नगर बंद रखा। बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। व्यापारियों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना से व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, दोनों मोटरसाइकिलों की बरामदगी तथा नगर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

