सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। चितरंगी में हुए हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वारदात के महज 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद ने इस घटना को खौफनाक अंजाम तक पहुंचा दिया।

मामला चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम सूदा का है, जहां 24 अप्रैल को भुनेश्वर उर्फ छंदू कोल का शव संदिग्ध हालत में मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना और साक्ष्यों के आधार पर मुन्नालाल पनिका को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। बताया जा रहा है कि मृतक बार-बार आरोपी का बिजली कनेक्शन काट देता था, जिससे नाराज होकर आरोपी ने 23 अप्रैल की रात लाठी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

सूचना मिलने पर तत्काल टीम गठित कर जांच की गई। संदेही से पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया है। घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m