बदायूं। गंगा दशहरा के मौके पर कछला गंगा घाट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हाथरस से आए एक ही परिवार के सात लोग गहरे पानी में डूबने लगे। इस हादसे में 16 वर्षीय किशोर निलेश की मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय किशोरी शिखा अभी भी लापता है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से केवल निर्धारित घाटों पर ही स्नान करने की अपील की है।
रिश्तेदार किशोरी लापता
यह पूरा मामला जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र का है। जहां, गंगा दशहरा के मौके पर हसायन के कनऊ गांव निवासी ओमवीर अपने पूरे परिवार के साथ कछला घाट आए थे। गंगा स्नान करने के दौरान ओमवीर का 16 वर्षीय बेटा नीलेश और उनके एक रिश्तेदार की बेटी शिखा (17 वर्षीय ) गहरे पानी में डूबने लगी। दोनों के बचाने के चक्कर में ओमवीर, श्यामवीर और उनके रिश्तेदार डूबने लगे। सभी को डूबता देख आसपास स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचाया पुलिस को सूचना दी।
READ MORE: सीएम योगी के विजन का असर, यूपी में 5,000 करोड़ के सोलर निवेश से बढ़ेगी ऊर्जा क्षमता
पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोर और फ्लड पीएसी की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू के दौरान पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

