संजीव, सोनीपत। गोहाना रोड और आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की समस्या अब जल्द ही खत्म हो सकती है। ककरोई रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षतिग्रस्त लाइन के समानांतर डाली गई नई सीवर लाइन को अब अस्थाई पंप के जरिए चालू किया जाएगा। मेयर राजीव जैन ने अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जल्द व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

काम पूरा होने तक रहेगी यह व्यवस्था

सेक्टर 23 में नया डिस्पोजल बनाने का काम चल रहा है। जब तक यह प्रोजेक्ट पूरा नहीं होता, तब तक नई लाइन में पानी पंप के जरिए डाला जाएगा। मेयर ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि बाईपास लाइन डालने का काम अगले 2 दिनों के अंदर पूरा कर लिया जाए। उन्होंने खुद मैनहोल की गहराई और वहां पानी का स्तर चेक किया। इसके अलावा, जिन हिस्सों में पुरानी लाइन बैठ चुकी है, वहां पानी की निकासी के लिए मोटर लगाई जाएगी।

रात भर चला सफाई का काम

शहर में सीवर जाम की समस्या से निपटने के लिए रात के समय मशीनों का उपयोग किया गया। मेयर ने खुद रात 11 बजे मौके पर पहुंचकर मैनहोल से गाद निकालने के काम का मुआयना किया। इसी तरह दयाल चौक से गीता भवन रोड तक सीवर जाम को दूर करने के लिए सुपर शकर मशीनें लगाई गईं। कुछ जगहों पर मैनहोल सड़क के नीचे धंसने के कारण सफाई में दिक्कत आई, जिन्हें जल्द ही दोबारा मशीन लगाकर साफ करने की तैयारी है। इस दौरान निगम के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियर मौजूद रहे।