MP Morning News: संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तीन दिवसीय दुबई दौरे पर रहेंगे। वे आज दिल्ली से दुबई के लिए रवाना होंगे। सीएम दुबई में बड़े उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात करेंगे। एमपी में निवेश को लेकर उद्योगपतियों से चर्चा होगी। निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर यह दौरा अहम माना जा रहा है। दुबई रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे
एमपी में बदल जाएगी ट्रैफिक की तस्वीर
इंदौर में 11-12 सितंबर को मंथन होगा। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में यात्री परिवहन विजन समिट-2026 होगी। सीएम डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में दो दिवसीय समारोह आयोजित किया जाएगा। पीपीपी मॉडल के तहत बसों के संचालन की रूपरेखा तय होगी। समिट में निजी बस ऑपरेटर, नीति निर्माता, परिवहन प्राधिकरण, बस निर्माता, टेक्नोलॉजी कंपनियां, निवेशक और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र के प्रतिनिधि मंथन करेंगे। समिट का उद्देश्य प्रदेश में अधिक कनेक्टेड, वित्तीय रूप से साध्य, डिजिटल रूप से सक्षम और नागरिक-केंद्रित यात्री परिवहन इकोसिस्टम के निर्माण पर चर्चा और साझेदारी को बढ़ावा देना है। मध्यप्रदेश की यात्री परिवहन परिकल्पना चर्चा के केंद्र में रहेगी। मोबिलिटी के 12 उच्च संभावनाओं वाले मोबिलिटी क्षेत्रों को समझने का अवसर मिलेगा। समिट से 7 प्रमुख परिणामों की दिशा में कदम बढ़ेगा।
समिट में छह प्रमुख विषयों पर विशेष ध्यान
- पीपीपी आधारित मोबिलिटी
- इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मेनेजमेंट सिस्टम
- वित्तीय स्थिरता
- स्वच्छ मोबिलिटी
- एकीकृत टिकटिंग
- बेहतर यात्री अनुभव
MP में दो साल के रोलिंग बजट की तैयारी
प्रदेश सरकार 2028-29 और 2029-30 का रोलिंग बजट तैयार करेगी। 8 सितंबर से बजट को लेकर विभागवार मंथन शुरू होगा। 2027-28 के बजट अनुमान और 2026-27 के पुनरीक्षित अनुमान पर भी चर्चा होगी। वित्त विभाग सभी विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंथन करेगा। चर्चा से तीन दिन पहले बजट मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल पर जानकारी देना अनिवार्य है। सितंबर में अलग-अलग विभागों के साथ चरणबद्ध बैठकें होंगी। विकसित मध्यप्रदेश-2047 की वित्तीय रूपरेखा को ध्यान में रखकर तैयारी होगी। सरकार का फोकस लंबी अवधि की योजनाओं और वित्तीय संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर है।
इंदौर में अवैध शराब पर एक्शन
इंदौर में अवैध शराब पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयशर वाहन से करीब 45 लाख की शराब जब्त की है। देव नगर इलाके में संदिग्ध वाहन की तलाशी से खुलासा हुआ। पैरिस रोज प्रीमियम व्हिस्की की खेप बरामद की गई है। दो दिन में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। फिलहाल आबकारी विभाग की टीम शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर जांच कर रही। खेप का स्रोत और गंतव्य तलाशने में जुटी हुई है।
भोपाल के इन इलाकों में बत्ती रहेगी गुल
राजधानी भोपाल में आज रविवार को कई इलाकों में बिजली गुल रहेगी। मेंटेनेंस कार्य के चलते 6 घंटे तक बिजली कटौती की जाएगी। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक गोविंद गार्डन कॉलोनी, गोविंदपुरा मार्केट, न्यू सुभाष नगर, अशोक नगर, अर्जुन नगर, चंबल कॉलोनी, अशोका इन्क्लेव, शालीमार कॉम्पलेक्स, पुल बोगदा, बाग दिलकुशा। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक शिव नगर फेस-1, 2, 3 और 4, नवाब कॉलोनी, पन्ना नगर, देवकी नगर, लालघाटी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बरेला गांव, नक्कार खाना, कोहेफिजा रोड, नीम रोड, तहसील रोड, पीरगेट चौराहा, मालीपुरा, लखेरापुरा, गुर्जरपुरा, इमामी गेट, रेत घाट, अलीगंज, चौकी इमामबाड़ा, सिंधी मार्केट, नूरमहल रोड, कुम्हारपुरा व आसपास बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



