Rajasthan News: ड्रग तस्करों ने तस्करी का ऐसा तरीका अपनाया, जिसने जांच एजेंसियों को भी चौंका दिया। अब तक ट्रकों में छिपाकर या वाहनों में बदलाव कर नशे की खेप ले जाने के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन इस बार निजी बसों के जरिए पार्सल के नाम पर एमडी ड्रग्स और स्मैक भेजी जा रही थी। हैरानी की बात यह रही कि मथानिया और सोयला की मशहूर हरी मिर्च की आड़ में नशे का सामान छिपाया गया। बताया जा रहा है कि एक-एक मिर्च की कीमत करीब 5 हजार रुपये तक आंकी जा रही थी।

मिर्च में चीरा देख खुला राज
सूत्रों के मुताबिक, यह पार्सल जोधपुर से हैदराबाद भेजा जा रहा था। बस चालक को जब कुछ मिर्चों में कटे-फटे निशान दिखे तो उसे शक हुआ। पार्सल खोलने पर ऊपर सामान्य हरी मिर्च थी, जबकि नीचे की मिर्चों में चीरा लगाकर ड्रग्स भरी हुई थी। नशीले पदार्थों को चमकीले कागज में लपेटकर मिर्चों के भीतर छुपाया गया था।
ड्राइवर ने बनाया वीडियो, NCB को दी सूचना
चालक ने पूरे मामले का वीडियो बनाया और तुरंत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सूचना दी। इस इनपुट के आधार पर एजेंसी अब इस नए पैटर्न को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। मथानिया और सोयला क्षेत्र से होने वाली पार्सल गतिविधियों पर विशेष निगरानी बढ़ाई जाएगी।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई
एनसीबी के जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी ने बताया कि निजी बसों के जरिए पार्सल में ड्रग्स सप्लाई की सूचनाएं पहले भी मिलती रही हैं, लेकिन मिर्च की आड़ में नशा भेजने का तरीका पहली बार सामने आया है। इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन 1933 पर सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सहयोग कर युवाओं को बचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
पढ़ें ये खबरें
- जाजपुर में पीने का पानी बन रहा जहर ! मर रहे लोग, कब खत्म होगा सरकार का विशुद्ध पानी सप्लाई का प्रोजेक्ट ?
- रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को दी सुविधा, एलटीटी-कामाख्या कर्मभूमि एक्सप्रेस का न्यू माल स्टेशन में मिलेगा ठहराव
- प्रेम की सनक में मासूम की हत्या: शादीशुदा गर्लफ्रेंड को पाने के लिए 7 साल के बेटे का घोंटा गला, कोयला खदान में फेंकी लाश
- ‘लद्दाख में नेपाल-बांग्लादेश जैसे हालात बनाने का था इरादा, GenZ को वांगचुक ने भड़काया था,’ SC में बोली केंद्र सरकार
- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के यांत्रिक विभाग का उत्कृष्ट प्रदर्शन : जनवरी 2026 में 1,311 वैगनों का किया मेंटनेंस, पूर्व के रिकॉर्ड को तोड़कर रचा नया कीर्तिमान

