लखनऊ. प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है. अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है. हत्या, लूट, बलात्कार, ठगी, अपहरण की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. कानून व्यवस्था पर सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है. महिलाओं और बच्चियों के साथ अपराध की घटनाओं में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर हो गया है.

इसे भी पढ़ें- विकास बनेगा ‘विनाश’! फोरलेन सड़क निर्माण किसानों के लिए बनी मुसीबत, नदी-नालों की चौड़ाई कम होने से बाढ़ का खतरा, कौन है जिम्मेदार?

आगे उन्होंने कहा, राजधानी लखनऊ में ही हर दिन अपराध की कई कई घटनाएं हो रही हैं. पूरे प्रदेश की हालत बेहद खराब है. हाथरस में एनएच 93 पर बदमाशों ने सेना के जवान अखिलेश चौधरी को दिनदहाड़े गोलियों से छलनी कर दिया. राजधानी के सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र में थार सवार बदमाशों ने युवक को अगवा कर लूट लिया. गोमती नगर में बाइक सवार बदमाशों ने महिला का पर्स लूट लिया. पिछले दो सालों में उत्तर प्रदेश में 108300 लोग गायब हो चुके हैं. इनकी गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज हैं, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल रही है. इधर उत्तर प्रदेश में अपहरण की कई घटनाएं हो चुकी हैं. भाजपा सरकार के पास झूठे आंकड़ों और लफ्फाजी के सिवाय कुछ नहीं है.

इसे भी पढ़ें- ये यूपी है गुरू… यहां ‘मुर्दे’ को भी मिलती है पेंशन, शातिरों ने 7 साल तक सरकार को ऐसे लगाया चूना

आगे अखिलेश यादव ने कहा कि जिस भाजपा राज में एसपी फरार हो गया हो और एक ऐसा आईएएस भी जो निवेश के नाम पर पांच फीसदी एडवांस लेता था वह भी गायब है तो किसी अन्य गुमशुदा का कौन ढूंढ सकता है? भाजपा की सरकार को भी लापता की लिस्ट में डाल देना चाहिए. उत्तर प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है. भाजपा सरकार ने पूरे शासन तंत्र को भ्रष्ट और बर्बाद कर दिया है. आम जनता, महिलाओं, बच्चों दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा भगवान भरोसे है.