लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के नाम पाती लिखी है. जिसमें उन्होंने बच्चों को परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दी है. साथ ही चाइनीज मांझे के उपयोग, मोबाइल की लत को लेकर भी बच्चों को समझाइश दी है. इसके अलावा उन्होंने परीक्षा को लेकर लिखा है कि अपने प्रयास एवं अनुशासन में कमी न रखें, नकारात्मक विचारों से दूर रहें. सीखने की ललक और परिश्रम ही सबसे महत्वपूर्ण है.
योगी ने पाती में लिखा- ‘प्यारे बच्चों, आपकी सुरक्षा, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफलता हमारी सरकार की प्राथमिकता है. आज मैं तीन महत्वपूर्ण बिंदु आपसे साझा करना चाहता हूं. आकाश में ऊंची उड़ती पतंग सबको अच्छी लगती है. आपको भी पतंग उड़ाने में मजा आता होगा. लेकिन, चाइनीज मांझे से आपको पूरी तरह दूर रहना है. तेज धार वाले इस मांझे का उपयोग कानूनन अपराध है. पूरे प्रदेश में इसकी बिक्री, भंडारण और उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है. चाइनीज मांझे से होने वाली जनहानि को देखते हुए प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है. आपको भी इसमें सहयोग करना है. स्वयं इसका उपयोग न करें और दोस्तों को भी जागरुक करें. कोई दुकानदार या अन्य व्यक्ति चाइनीज मांझे की बिक्री करता दिखे, तो परिजनों की सहायता से पुलिस को सूचित करें.’
इसे भी पढ़ें : UP Budget Session 2026 : राज्यपाल के अभिभाषण के साथ आज से शुरू होगी कार्यवाही, 11 फरवरी को पेश होगा बजट
योगी ने दूसरे महत्वपूर्ण बिंदु में लिखा- ‘मोबाइल की लत. बच्चों, मोबाइल आपका मूल्यवान समय चुरा लेता है और आपको पता ही नहीं चलता. एक गेम या वीडियो देखने के लिए उठाया मोबाइल कई घंटे नष्ट कर देता है. आंखें कमजोर करता है एवं पढ़ाई में बाधा डालता है. इसके स्थान पर कोई रुचि विकसित करें. पुस्तकों से मित्रता करें. मित्रों के साथ खेलकूद में भाग लें. परिवार के साथ समय बिताएं. मोबाइल का उपयोग सीमित समय के लिए करें.’
‘कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन’
सीएम ने आगे लिखा कि ‘यह समय वैसे भी मोबाइल से दूर रहने का है. बोर्ड परीक्षाएं निकट हैं. पूरे वर्ष आपने लगन और परिश्रम से तैयारी की है. परीक्षा कक्ष में आत्मविश्वास के साथ प्रवेश करें, प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ें एवं बिना घबराए सहजता से उत्तर लिखें. अपने प्रयास एवं अनुशासन में कमी न रखें और नकारात्मक विचारों से दूर रहें. श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं- ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन’ अर्थात मनुष्य का अधिकार केवल कर्म पर है, उसके परिणाम पर नहीं. आपकी सीखने की ललक और परिश्रम ही सबसे महत्वपूर्ण हैं. सभी विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए हृदय से शुभकामनाएं. आपका योगी आदित्यनाथ.’
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें


