मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार सरकारी अस्पतालों के पास करीब 40 नई अटल कैंटीन खोलने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, इन कैंटीनों को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि अस्पतालों में लंबे समय तक रहने वाले लोगों को सस्ती और समय पर भोजन मिल सके। नई व्यवस्था के तहत ये कैंटीन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक, यानी लगातार 12 घंटे खुली रहेंगी। अभी तक अटल कैंटीन दो तय समय स्लॉट में संचालित होती हैं दोपहर 11:30 बजे से 2 बजे तक और शाम 6:30 बजे से 9 बजे तक।
सरकार का मानना है कि अस्पतालों में मरीजों के साथ रहने वाले परिजन अक्सर पूरे दिन वहीं रहते हैं, इसलिए सीमित समय की बजाय दिनभर भोजन उपलब्ध होना जरूरी है। नई कैंटीनों के शुरू होने से जरूरतमंद लोगों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली में सस्ती भोजन योजना के तहत अटल कैंटीनों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। फिलहाल शहर में 71 अटल कैंटीन संचालित हैं और मार्च के अंत तक इनकी संख्या बढ़ाकर 100 करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले ये कैंटीन मुख्य रूप से झुग्गी-झोपड़ी (JJ) क्लस्टर इलाकों के पास खोली गई थीं, लेकिन अब सरकार ने अस्पतालों जैसे ज्यादा भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है, ताकि मरीजों के परिजन और जरूरतमंद लोगों को सीधे लाभ मिल सके।
योजना को लागू करने के लिए सरकार ने 104 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। हर कैंटीन में रोजाना लंच और डिनर उपलब्ध कराया जाता है, और प्रति कैंटीन प्रतिदिन 500-500 प्लेट भोजन की सीमा तय की गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक सस्ती दर पर भोजन पहुंच सके।
मरीजों-तीमारदारों को 5 रुपये में खाना
दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में अक्सर मरीजों और उनके तीमारदारों को भोजन की बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मजबूरी में उन्हें फुटपाथ पर खुले में बिक रहे खाने से पेट भरना पड़ता है, जो हाइजीन के लिहाज से सुरक्षित नहीं माना जाता। ऐसे में अस्पतालों के पास अटल कैंटीन खुलने से जरूरतमंद लोगों को स्वच्छ, बेहतर और स्वादिष्ट भोजन मिल सकेगा। उन्हें खाने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और सबसे बड़ी राहत यह होगी कि भोजन की कीमत सिर्फ 5 रुपये होगी, जिससे आर्थिक बोझ भी कम होगा।
दिल्ली के बड़े सरकारी अस्पतालों में बाहर से आने वाले मरीजों की संख्या भी काफी अधिक होती है। खासकर एलएनजेपी अस्पताल, जीबी पंत अस्पताल और जीटीबी अस्पताल जैसे प्रमुख अस्पतालों में अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


