Bihar Weather Report: बिहार में इस साल मार्च के शुरू होते ही गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार मार्च से मई के दौरान राज्य में सामान्य से अधिक तापमान देखने को मिलेगा, जिससे दिन और रात के समय गर्मी का असर अधिक महसूस होगा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रशांत महासागर में ला नीना की स्थिति कमजोर बनी हुई है। इसका सीधा असर बिहार के मौसम पर पढ़ेगा। मार्च से मई के दौरान प्रदेश में सामान्य से ज्यादा हीट वेव चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को समय से पहले तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।

फिलहाल पछुआ हवा की रफ्तार तेज होने की वजह से वातावरण में नमी की कमी देखने को मिली है, जिसके कारण दिन में तेज धूप निकल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य का मौसम गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा।अगले 24 घंटों के दौरान कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों में पछुआ हवा की रफ्तार 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटा तक चलने की उम्मीद है। अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव के आसार नहीं हैं।

कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जिससे सुबह और शाम हल्की ठंड का असर बना रहेगा। सोमवार को राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस मधेपुरा में दर्ज किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री और अधिकतम 31.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजधानी पटना में मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन में धूप की तीव्रता बढ़ती जा रही है। आने वाले दिनों में गर्मी से राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं, इसलिए लोगों को धूप और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: आज पटना पहुंचेंगे नितिन नबीन, बीजेपी का होली मिलन समारोह, खान एवं भूतत्व विभाग की समीक्षा बैठक, राज्यसभा सीट को लेकर नितिन का मंथन, एक नजर आज के होने वाले बड़े कार्यक्रमों पर…