Anna Hazare Wrote Letter To PM Modi: समाजसेवी अन्ना हजारे ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। अन्ना हजारे ने प्रधानमंत्री को ये पत्र इजराइल और अमेरिका के ईरान पर संयुक्त हमले के बाद मध्य पूर्व में जारी तनाव के संबंध में लिखा गया है। समाजसेवी अन्ना ने मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जाहिर करते हुए पत्र में प्रधानमंत्री मोदी से भारत को वैश्विक शांति पहल का नेतृत्व करने का आग्रह किया है। उन्होंने पत्र लिखकर कहा कि भारत को मानवता और संवाद का मार्ग दिखाते हुए युद्धग्रस्त क्षेत्रों में स्थिरता लाने का प्रयास करना चाहिए।

बता दें किइजराइल और अमेरिका ने 28 फरवरी को ईरान पर संयुक्त हमला किया था, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर समेत कई लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद ईरान ने भी पलटवार किया और खाड़ी देशों में अमेरिका के बेस को निशाना बनाया इसके साथ ही तेल अवीव पर भी हमले कर रहा है। इस संघर्ष से मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है। हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं।

अब अन्ना हजारे ने मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जाहिर की है। पत्र में लिखा कि-वर्तमान समय में विश्व अत्यंत चिंताजनक परिस्थितियों से गुजर रहा है। अलग-अलग देशों के बीच बढ़ते तनाव और संघर्ष के कारण नागरिकों का जीवन असुरक्षित होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं में निरपराध महिलाएं, बच्चे और परिवारों पर पड़ने वाले प्रभाव की खबरें अत्यंत दुखद और पीड़ादायक हैं।

भारत की संस्कृति अहिंसा और शांति की

पत्र में अन्ना हजारे ने आगे कहा कि भारत की संस्कृति अहिंसा और शांति की रही है. हमारे देश ने हमेशा विश्व को संवाद और शांति का मार्ग दिखाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक राष्ट्र की ओर से मानवता और शांति का संदेश जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया को हथियारों की नहीं, बल्कि विश्वास और संवाद की जरूरत है। उन्होंने कहा कि युद्ध से सिर्फ विनाश होता है, जबकि संवाद से समाधान और स्थिरता का मार्ग निकलता है।

अन्ना हजारे की पीएम मोदी से अपील

हजारे ने पीएम मोदी से आग्रह किया कि भारत तटस्थ और जिम्मेदार भूमिका निभाते हुए वैश्विक स्तर पर शांति और संवाद को बढ़ावा देने की पहल करे। उन्होंने पत्र में कहा ‘आपके नेतृत्व में भारत ने कई वैश्विक मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभाई है। इसलिए इस संवेदनशील समय में यदि भारत मानवता और शांति के पक्ष में आगे आता है, तो यह पूरे विश्व के लिए प्रेरणादायक होगा। मानवता के हित और निरपराध नागरिकों की सुरक्षा के लिए भारत को शांति का मार्ग आगे बढ़ाना चाहिए, ऐसी मेरी विनम्र अपेक्षा है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m