T20 World Cup 2026 Prize Money: भारतीय क्रिकेट टीम ने बीते रविवार टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। चैंपियन बनने पर टीम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से 3 मिलियन डॉलर, यानी करीब 27.48 करोड़ रुपये की प्राइज मनी दी गई। वहीं अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी टीम के लिए ऐतिहासिक इनामी राशि की घोषणा की है।
बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने बताया कि टीम इंडिया को कुल 131 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सैकिया ने बताया कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि बोर्ड खिलाड़ियों, सहायक कर्मचारियों और चयनकर्ताओं को इस सफलता पर बधाई देता है और भविष्य में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना करता है।
टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतकर रचा नया इतिहास
टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया ने एक ही मैच में हार का सामना किया और बाकी सभी मैच जीतते हुए शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल में टीम ने 250 से अधिक का विशाल स्कोर खड़ा किया और न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ टीम इंडिया न केवल खिताब बचाने में सफल रही, बल्कि बतौर होस्ट नेशन टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनी। इसके अलावा, तीसरी बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बनकर भी इतिहास रच दिया।
अब तक की सबसे बड़ी प्राइज मनी, प्लेयर्स में कैसे होगा इसका बंटवारा ?
गौरतलब है कि बीसीसीआई की यह 131 करोड़ रुपये की घोषणा विश्व विजेता टीम के लिए प्रोत्साहन और सम्मान का प्रतीक है। इस ऐलान के साथ बीसीसीआई ने अपना ही पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। इससे पहले, रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2024 जीतने पर खिलाड़ियों के लिए 125 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था। अब, टीम की नई बड़ी उपलब्धि के बाद बोर्ड ने उससे भी अधिक राशि देने का फैसला किया है। अब सवाल उठता है कि यह इनामी राशि टीम के सदस्यों में किस तरह बांटी जाएगी। अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो आइए जानते हैं इसका विवरण।
इसे भी पढ़ें: ICC ने घोषित की ‘T20 वर्ल्ड कप 2026 टीम’, SKY को छोड़ इन 4 भारतीय खिलाड़ियों को मिली जगह…
2024 टी-20 में कैसे हुआ था प्राइज मनी का बंटवारा
जुलाई 2024 में, जब टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2024 में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था, तब बीसीसीआई ने टीम के लिए 125 करोड़ रुपये की इनामी राशि का ऐलान किया था। इनाम का चेक वानखेड़े स्टेडियम में खिलाड़ियों को सौंपा गया था। इसके बाद यह चर्चा गर्म रही कि इस रकम का बंटवारा किस तरह किया गया और कौन कितनी राशि का हकदार हुआ।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम इंडिया के 15 मुख्य खिलाड़ियों को 5-5 करोड़ रुपये दिए गए थे। इसके अलावा, बोर्ड ने 4 रिजर्व खिलाड़ियों रिंकू सिंह, शुभमन गिल, आवेश खान और खलील अहमद को 1-1 करोड़ रुपये की राशि दी थी।
हेड कोच राहुल द्रविड़ को इस अभियान में उनके योगदान के लिए 2.5 करोड़ रुपये मिले। इसी तरह, बैटिंग कोच, बॉलिंग कोच और फिल्डिंग कोच को भी 2.5-2.5 करोड़ रुपये प्रदान किए गए। बैक-रूम स्टाफ के मेंबर्स को 2-2 करोड़ रुपये दिए गए। कुल मिलाकर, इस पुरस्कार राशि का बंटवारा करीब 36 लोगों के बीच हुआ था।
इस हिसाब से, टी20 विश्व कप 2026 में हर टीम मेंबर के हिस्से में मोटी रकम आने वाली है और इससे टीम के योगदान को उचित सम्मान भी मिलेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
