CG Murder News : बिलासपुर. बिलासपुर सकरी क्षेत्र के ग्राम संबलपुर में शराब पीते समय उपजे विवाद में दो भाइयों ने मिलकर युवक की हत्या कर दी थी. हत्या के बाद से फरार दोनों भाई, रोज ठिकाना बदल रहे थे. मंगलवार सुबह दोनों एक भाई के ससुराल पहुंचे. दोनों बाहर भागने की फिराक में थे. वे सफल हो पाते कि इससे पहले ही सकरी पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

ग्राम संबलपुर में 14 मार्च को मृतक सतीश कौशिक अपने दोस्त राकेश कौशिक उर्फ छोटू और उसके भाई गणेश कौशिक के साथ शराब पीने गया था. तीनों ने पहले सकरी शराब भट्टी से देशी शराब खरीदी और फिर संबलपुर के एक खेत में पीपल पेड़ के नीचे बैठकर पार्टी करने लगे. इसी दौरान सतीश ने नशे की हालत में गणेश और उसके परिवार को अपशब्द कहना शुरू कर दिया. मना करने के बावजूद जब सतीश नहीं रुका, तो दोनों भाई भड़क गए. राकेश और गणेश ने मिलकर सतीश पर हाथ-मुक्का से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. मारपीट के दौरान सतीश का सिर पीपल के पेड़ की जड़ से टकरा गया, जिससे उसके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

रिश्तेदार ने घर से भगाया तो बेलगहना में रात काटी

घटना के बाद वे अपने सगे चाचा के घर पहुंचे थे. जैसे ही उन्हें गांव में हत्या होने की सूचना मिली. उन्होंने दोनों को घर से भगा दिया. जैसे-तैसे दोनों भाई बेलगहना सिद्ध बाबा के आश्रम पहुंचे. यहां एक रात काटने के बाद एक भाई के ससुराल पहुंच गए. यहां से दोनों तमिलनाडु भागने की फिराक में थे.

बीट आरक्षकों के बिछाए जाल में फंसे आरोपी

हत्या के बाद दोनों आरोपी डर के मारे मरही माता मंदिर की ओर भाग गए थे. वहां से लौटने के बाद वे अपने ससुराल ग्राम मेण्ड्रा पाड़ पहुंच गए. इसकी भनक सकरी थाने के बीट आरक्षक आशीष शर्मा, अफाक खान और अनुप नेताम को लगी. इसके बाद उन्होंने आरोपियों के लिए जाल बिछाया, परिजनों के जरिए रैकी कराई और उन्हें उनके ससुराल में ही दोनों को पकड़ा.