ज्ञान उपाध्याय, गाजियाबाद. खोड़ा थाना क्षेत्र की मुल्ला कॉलोनी में रमजान के दौरान सड़क पर इफ्तार किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सड़क पर इफ्तार पार्टी आयोजित की गई, जिसके चलते आने-जाने वाले लोगों और बाइक सवारों को रास्ता बदलकर निकलना पड़ा.

वीडियो सामने आने के बाद इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. हिंदू रक्षा दल ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए आने वाले मंगलवार को लेबर चौक, मुल्ला कॉलोनी में हनुमान चालीसा पाठ कराने की घोषणा की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कहा कि जब सड़कों पर इफ्तार हो सकती है, तो सड़कों पर हनुमान चालीसा का पाठ क्यों नहीं हो सकता. इस घोषणा के बाद इलाके में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. अब सभी की नजर प्रशासन और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है,

इसे भी पढ़ें : योगी की पुलिस का रिश्वत लेने का नया तरीका! अब अंडर टेबल नहीं, ‘अंडर डायरी’ ले रहे पैसे, कैमरे का भी डर नहीं, बेधड़क भ्रष्टाचार के बोझ तले दब गई जीरो टॉलरेंस नीति

हिंदू रक्षा दल की घोषणा के बाद इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती के संकेत मिल रहे हैं और खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया है. स्थानीय निवासियों में इस खींचतान को लेकर चिंता व्याप्त है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आयोजकों की पहचान करने और स्थिति को शांत करने के प्रयासों में लगी हुई है.