सोहराब आलम/मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां सुगौली प्रखंड के कैथवलिया गांव में सिकरहना नदी की लहरों ने एक मासूम की जान ले ली। गुरुवार को शौच के लिए गए 12 वर्षीय बालक मिलन कुमार की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, कैथवलिया वार्ड संख्या 1 निवासी मिलन कुमार दोपहर के समय शौच की नीयत से सिकरहना नदी के किनारे गया था। इसी दौरान नदी के ढलान पर उसका पैर अचानक फिसल गया और वह संतुलन खोकर सीधे गहरे पानी में जा गिरा। पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।
6 घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुटे और अपने स्तर से तलाश शुरू की। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। करीब 6 घंटों की कड़ी मशक्कत और सघन तलाशी अभियान के बाद गोताखोरों ने मिलन के शव को नदी की गहराई से बाहर निकाला। शव मिलते ही परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सुगौली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने नदी किनारे सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

