कुंदन कुमार/पटना। केरल के चुनावी दौरे से पटना लौटे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए बिहार सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर प्रहार किया। तेजस्वी ने शराबबंदी से लेकर महिला आरक्षण और मुख्यमंत्री की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को घेरा।
केरल में राजद की धमक और बिहार का सिस्टम
केरल से वापसी के बाद तेजस्वी ने सकारात्मक माहौल का दावा करते हुए कहा कि वहां राजद तीन सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ रही है। वहीं बिहार की राजनीति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग काम करने के बजाय केवल सिस्टम का दुरुपयोग कर चुनाव जीतने में माहिर हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या महिलाओं को ₹2 लाख देने और मुफ्त बिजली का वादा पूरा हुआ? उलटे बिजली के दाम बढ़ाकर जनता पर बोझ डाल दिया गया है।
शराबबंदी और टीटीएम की राजनीति
शराबबंदी की विफलता पर कड़ा रुख अपनाते हुए तेजस्वी ने कहा सरकार की आंखों के आंसू सूख चुके हैं और शर्म बची नहीं है। सत्ता में बैठे लोग ही शराबबंदी की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार के प्रभाव कम होने के बाद भाजपा के नेता टीटीएम (चापलूसी) में लगे हैं। हर किसी के मन में मुख्यमंत्री बनने की लालसा है लेकिन जनता ने किसी के नाम पर मुहर नहीं लगाई है।
महिला आरक्षण: आरक्षण के अंदर आरक्षण हो
महिला आरक्षण के मुद्दे पर तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि 30% आरक्षण काफी नहीं है इसे बढ़ाकर 50% किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इसमें आरक्षण के अंदर आरक्षण की व्यवस्था हो ताकि पिछड़ी अति पिछड़ी और आदिवासी समुदाय की महिलाएं वास्तव में सशक्त होकर आगे बढ़ सकें।
सीएम की सुरक्षा और इस्तीफे का कयास
मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक और वर्तमान राजनीतिक हालात पर तेजस्वी ने कहा कि यह स्थिति अद्भुत है। उन्होंने कटाक्ष किया अधिकारी तो मान चुके हैं कि मुख्यमंत्री इस्तीफा दे चुके हैं बस आधिकारिक पत्र निकलना बाकी है। चुनाव के वक्त ही सबने यह मान लिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

