महाराष्ट्र के बहुचर्चित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) कंपनी के नासिक धर्मांतरण केस में अब एक नया मोड़ आ गया है। मामले का खुलासा होने के बाद से फरार एक महिला आरोपी निदा खान ने कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। निदा खान की तरफ से खुद को गर्भवती बता कर जमानत की मांग की गई है। पहले ख़बरें आईं थी की वह कंपनी में मानव संसाधन (HR) प्रमख थीं लेकिन अब बताया गया कि वह HR प्रमुख नहीं बल्कि टेलीकॉलर के पद पर थीं। उनके परिवार का यह भी कहना है कि वह फरार नहीं, बल्कि मुंबई स्थित अपने घर में परिवार के साथ हैं।

गर्भवती है निदा खान, कोर्ट में याचिका लगाई

निदा के परिवार ने एक न्यूज़ चैनल को बताया कि वह सेल्स टीम का हिस्सा थी और दिसंबर 2021 में BPO में शामिल हुई, वह वरिष्ठ कर्मचारी नहीं थी। उसके भाई ने बताया, “वह कभी भी HR टीम से नहीं जुड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल उसकी तस्वीर उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से ली गई थी। तस्वीर पर पदनाम अलग से जोड़ा गया है।” निदा ने नासिक की स्थानीय अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दी है और खुद को गर्भवती बताया है।

मामले में 9 FIR और 7 आरोपी गिरफ्तार

बता दें कि मामले में पहले से 9 FIR दर्ज हो चुकी हैं और 7 आरोपी गिरफ्तार हैं। इनमें 6 पुरुष और एक महिला ऑपरेशंस मैनेजर शामिल है। निदा पर कंपनी के हिंदू कर्मचारियों को लालच, धमकी और दबाव डालकर इस्लाम धर्म कबूल करने के लिए मजबूर करने का आरोप है। यौन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण में आरोपियों की मदद करने का आरोप है। निदा खान को महाराष्ट्र पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) तलाश रही है, ताकि निदा को गिरफ्तार किया जा सके। वहीं इस मामले का खुलासा होने के बाद अब कंपनी ने सभी आरोपियों को बर्खास्त कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m