सोनू वर्मा, नूंह ।जिले के थाना सदर तावडू पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शकील पुत्र अयूब और जमशेद पुत्र रज्जाक, निवासी गांव सालाका, थाना सदर तावडू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


केएमपी टोल के पास की गई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में अवैध हथियारों के साथ घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने केएमपी टोल के पास छापेमारी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान शकील के पास से देशी कट्टा और जमशेद के पास से कारतूस बरामद किए गए।


आपराधिक रिकॉर्ड और संगठित अपराध की जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शकील के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी आधार पर पुलिस ने मामले में संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं भी जोड़ दी हैं।
जांच के दौरान दोनों आरोपियों ने अवैध हथियार खरीदने और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कुछ अहम खुलासे किए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य संभावित अपराधियों की तलाश में जुटी है।


पुलिस रिमांड पर गहन पूछताछ जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उनसे हथियार सप्लाई चैन, अन्य वारदातों और संगठित अपराध से जुड़े पहलुओं पर गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।