कुंदन कुमार, पटना। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही बिहार यात्रा पर निकलने वाले हैं। निशांत के बिहार यात्रा को लेकर जदयू तैयारियों में जुट गई है। इसके लिए पार्टी की ओर से एक रथ तैयार कर लिया गया है, जिसका नाम निश्चय रथ रखा गया है, जिसमें सवार होकर निशांत कुमार बिहार यात्रा पर निकलेंगे।

पिता के विकास कार्यों की करेंगे चर्चा

बता दें कि निशांत कुमार के लिए तैयार यह निश्चय रथ पूरी तरह से वातानुकूलित है। इसमें सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद है। इसी रथ से निशांत पूरे बिहार का दौरा करेंगे और अपने पिता और पूर्व सीएम नीतीश कुमार द्वारा बिहार के लिए किए गए विकास कार्यों के बारे में आम जन को बताएंगे।

पश्चिमी चंपारण से यात्रा की शुरुआत

बता दें कि खास बात यह है कि निशांत का बिहार दौरा भी नीतीश कुमार के तरह पश्चिमी चंपारण से ही शुरू होगा। बता दें कि निशांत 4 मई से बिहार यात्रा पर निकलेंगे, जिसकी तैयारी लगभग पूरी हो गई है। इस यात्रा के दौरान वो पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ-साथ आम जनता से भी मुलाकात करेंगे। निशांत कुमार की इस बिहार यात्रा में जदयू के बड़े नेता भी उनके साथ होंगे। हालांकि अभी तक ये निर्धारित नहीं किया गया है कि निशांत के साथ कौन-कौन नेता रहेंगे। लेकिन यात्रा का तिथि तय है। सवारी भी बनकर तैयार है निश्चय रथ।

पद नहीं पार्टी के लिए काम करना लक्ष्य

आपको बता दें कि निशांत कुमार पार्टी में शामिल होने के बाद से लगातार एक्टिव हैं और लगातार पार्टी कार्यालयों में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। वहीं, अब वे अपने पिता और पूर्व सीएम नीतीश कुमार की राह पर चलते हुए बिहार यात्रा पर निकल रहे हैं।

निशांत का कहना है कि वे अभी पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने सरकार में कोई भी पद या जिम्मेदारी लेने से साफ इंकार कर दिया है। गौरतलब है कि नई सरकार में उन्हें डिप्टी सीएम बनाने की भी बात चल रही थी, हालांकि उन्होंने इससे साफ तौर पर इंकार कर दिया था।

ये भी पढ़ें- ‘सिर्फ बिहारी होने पर दिल्ली में गोली मारकर हत्या’, तेजस्वी बोले- बिहारियों के लिए काल बनी BJP