IRCTC Scam: लालू परिवार के लिए आज का दिन काफी अहम होने वाला है। दरअसल दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट आज बुधवार (6 मई, 2026) को आईआरसीटीसी घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में बड़ा और अहम फैसला सुना सकती है। मामले में प्रवर्तन निदेशालय की ओर से दाखिल किए गए चार्जशीट के आधार पर विशेष न्यायाधीश विशाल गोने की अदालत यह तय करेगी की आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए जाएंगे या नहीं।

14 आरोपियों पर आरोप तय

बता दें कि इससे पहले 13 अक्टूबर 2025 में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने IRCTC घोटाले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव सहित कुल 14 आरोपियों पर गंभीर आपराधिक आरोप तय किए थे। कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी लालू यादव की जानकारी में हुई और उन्होंने इसमें सीधा हस्तक्षेप किया। ऐसे में यदि आज कोर्ट मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को भी बरकरार रखता है, तोसभी आरोपियों की कानूनी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

जानें क्या है IRCTC घोटाला?

यह मामला उस समय का है जब लालू प्रसाद यादव 2004 से 2009 तक रेल मंत्री थे। सीबीआई के अनुसार, इस दौरान रांची और पुरी के दो IRCTC होटल को निजी कंपनी सुजाता होटल्स को अनुचित तरीके से लीज पर दिया गया था। एजेंसी का आरोप है कि इसके बदले में लालू यादव के परिवार को कीमती जमीन और शेयर बहुत कम दामों में दिए गए। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह सौदा भ्रष्टाचार और साजिश के तहत किया गया था। लालू परिवार ने हालांकि इन सभी आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया है।

ये भी पढ़ें- ‘यह तो ज्ञनादेश है’, असम-बंगाल चुनाव को लेकर पप्पू यादव का बड़ा बयान, बताया कैसे बचेगा लोकतंत्र?