रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा विधायक बिमला चौधरी ने कुंवारे युवाओं को संबोधित करते हुए भाजपा को वोट देने के बदले शादी करवाने का आश्वासन दिया।

कृष्ण कुमार सैनी, रेवाड़ी। चुनावी सभा में अचानक ऐसा बयान गूंजा कि मंच पर बैठे नेता भी मुस्कुराने लगे और नीचे बैठी जनता ठहाके लगाने लगी। चुनावी भाषण चल रहा था, मुद्दों की बात हो रही थी, तभी माइक पर आई महिला विधायक ने कुंवारे युवाओं को लेकर ऐसा वादा कर दिया जिसने पूरे माहौल को हल्का और मजेदार बना दिया।

सभा में मौजूद लोग पहले कुछ सेकंड के लिए चौंके, फिर जैसे ही विधायक ने अपनी बात दोहराई, पूरा पंडाल हंसी से गूंज उठा। खास बात ये रही कि मंच पर मौजूद हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य मंत्री भी अपनी हंसी नहीं रोक सकीं। बयान अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है और लोग इसे चुनावी मंच का सबसे ‘मनोरंजक वादा’ बता रहे हैं।

दरअसल Bimla Chaudhary रेवाड़ी में नगर परिषद चुनाव प्रचार के लिए पहुंची थीं, जहां भाजपा उम्मीदवार विनीता पीपल के समर्थन में गोल चक्कर पर जनसभा आयोजित की गई थी। भाषण के दौरान विधायक ने कुंवारे वोटरों को संबोधित करते हुए कहा, “पहले वोट करो, फिर शादी करवाओ… भाजपा को वोट देने के बाद रेवाड़ी का कोई भी बच्चा कुंवारा नहीं रहेगा। मैं सबकी शादी करवाऊंगी।”

इसके बाद विधायक ने अपने “पलवल कनेक्शन” का भी जिक्र किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह पलवल की बेटी हैं और रेवाड़ी से पलवल का पुराना रिश्ता रहा है, इसलिए युवाओं की शादी की जिम्मेदारी भी वह निभाएंगी। मंच से निकला यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे हरियाणा की राजनीति का नया ‘चटपटा चुनावी डायलॉग’ बता रहे हैं।