संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में पदवृद्धि और नियुक्ति की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे चयनित शिक्षकों (वर्ग 2 और वर्ग 3) का आंदोलन शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की मध्यस्थता के बाद समाप्त हो गया। दिग्विजय सिंह ने शिक्षा मंत्री से फोन पर चर्चा कर आगामी मंगलवार तक मांगों के निराकरण का आश्वासन दिलाया और आंदोलनकारी शिक्षकों को जूस पिलाकर उनका भूख हड़ताल खत्म कराया।

आंदोलनकारियों की नारेबाजी पर जताई नाराजगी

धरना स्थल पर पहुंचे दिग्विजय सिंह उस समय नाराज हो गए जब कुछ आंदोलनकारी नारेबाजी करने लगे। उन्होंने स्पष्ट कहा, “यदि आप लोग शांत नहीं होंगे तो मैं यहां से चला जाऊंगा।” दिग्विजय सिंह की नाराजगी के बाद आंदोलनकारी शांत हुए और कार्यक्रम सुचारू रूप से आगे बढ़ा। ‘मोहन यादव सरकार वापस ले TET की अनिवार्यता, भरे जाएं 1.41 लाख खाली पद’
शिक्षक दिवस का हवाला देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने बीजेपी सरकार और शिक्षा व्यवस्था पर कड़े प्रहार किए।

बीजेपी शासित राज्यों में शिक्षकों के साथ अन्याय

उन्होंने कहा कि देश और विशेषकर बीजेपी शासित राज्यों में शिक्षकों के साथ अन्याय हो रहा है। मोहन सरकार को टीईटी (TET) की अनिवार्यता का फैसला तुरंत वापस लेना चाहिए। शिक्षा विभाग में 1 लाख 41 हजार से अधिक पद खाली पड़े हैं। सरकार चाहे तो वर्ग 2 और 3 के 43 हजार खाली पदों पर आज ही भर्ती कर सकती है। इनमें से आधे पद सीधी भर्ती और आधे प्रमोशन से भरे जाने चाहिए। 99 फीसदी अंक लाने वाले चयनित शिक्षकों और अतिथि शिक्षकों की नियुक्तियां नहीं की जा रही हैं।

RSS और सरकार पर तीखे हमले

दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या प्रदेश में सिर्फ RSS के लोगों को ही नौकरियां दी जाएंगी? चयनित बच्चे मेहनत करके आए हैं, यह कोई व्यापम घोटाला नहीं है। उन्होंने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि वे लोकसभा और राज्यसभा में उनकी आवाज उठाएंगे। जरूरत पड़ी तो सीएम हाउस के सामने भी धरने पर बैठेंगे। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने एक बार फिर ईवीएम का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बीजेपी मशीनों के दम पर चुनाव जीत जाती है। दिग्विजय सिंह के आश्वासन और शिक्षा मंत्री से मिली बातचीत की समय-सीमा के बाद शिक्षकों ने फिलहाल अपना आमरण अनशन स्थगित कर दिया है, हालांकि उन्होंने मांग पूरी न होने पर पुन: आंदोलन की चेतावनी दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m